जल्लीकट्टू देखने गए किशोर की मौत,11 खिलाड़ी घायल
तमिलनाडु के मदुरै जिले के पालामेदु में सोमवार को जल्लीकट्टू खेल देखने गए एक 19 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की पहचान कलिमुत्तू के रूप में हुई है।
मदुरै (तमिलनाडु) प्रेट्र। तमिलनाडु के मदुरै जिले के पालामेदु में सोमवार को जल्लीकट्टू खेल देखने गए एक 19 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की पहचान कलिमुत्तू के रूप में हुई है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 11 खिलाड़ी भी घायल हो गए हैं। पोंगल त्योहार के दौरान बैलों को काबू करने वाला तमिलनाडु का यह मशहूर खेल लंबे समय से बहस का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि कलिमुत्तू दर्शक दीर्घा में पहले की पंक्ति में बैठा था। तभी एक बैल ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले के कारण उसका अत्यधिक खून बह रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बता दें, सुप्रीम कोर्ट ने 2014 में पशुओं पर होने वाली क्रूरता के तर्क के आधार पर जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने एक अध्यादेश पारित कर इस पारंपरिक खेल की इजाजत दी थी।
यह भी पढ़ें: जानें क्यों, महाकाल मंदिर परिसर में 500 साल पुराना मंगलनाथ शिवलिंग हटाए गए