नोटबंदी से बनेगी साफ सुथरी अर्थव्यवस्था : जेटली
भाजपा ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि नोटबंदी को वह एक सफल अभियान बताते हुए इसे आगामी चुनावों में मुद्दा बनाने की भी पूरी कोशिश होगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । नोटबंदी से देश पर पड़ने पर असर की चर्चा के बीच भाजपा ने इसे एक पवित्र आंदोलन करार दिया है जो भारत को एक साफ सुथरी अर्थव्यवस्था बनाने में मदद करेगा। इसके पीछे सरकार का यह तर्क है कि नोटबंदी की वजह से बैंकों में जो अपार धन आया है उसकी वजह से विकास कार्यों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। भाजपा कार्यकारिणी के अंतिम दिन पारित आर्थिक प्रस्ताव में कहा गया है कि विपक्ष चाहे नोटबंदी की जितनी भी भर्त्सना कर ले लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि यह गरीबों के हितों की रक्षा करने वाला एक ऐतिहासिक कदम है। भाजपा ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि नोटबंदी को वह एक सफल अभियान बताते हुए इसे आगामी चुनावों में मुद्दा बनाने की भी पूरी कोशिश होगी।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा है कि नोटबंदी पूरे देश में एक पवित्र आंदोलन की तरह लागू किया गया है। आम जनता ने परेशानी सहने के बावजूद इसे सफल बनाने में हरसंभव मदद की है। विपक्ष इस माहौल को समझ नहीं रहा है और वह नोटबंदी के खिलाफ दुष्प्रचार में जुटा है। नोटबंदी से देश में जो सकारात्मक माहौल बना है उसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
जेटली का कहना है कि सबसे बड़ा फायदा यह हुआ है कि जो भी कालाधन देश में छिपा हुआ था वह अब बैंकों में जमा हो चुका है। इससे राज्यों व केंद्र के राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी होगी। साथ ही एक साफ सुथरी अर्थव्यवस्था के निर्माण में मदद होगी।