विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूबियो के भारत दौरे के बाद अब विदेश मंत्री जयशंकर जाएंगे अमेरिका; अटलांटा में G-20 बैठक में लेंगे हिस्सा

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:57 PM (IST)

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो के भारत दौरे के बाद जी-20 बैठक के लिए अमेरिका जा ...और पढ़ें

रुबियो के भारत दौरे के बाद जयशंकर जाएंगे अमेरिका (फाइल फोटो- PTI)

रुबियो के भारत दौरे के बाद जयशंकर जाएंगे अमेरिका (फाइल फोटो- PTI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के हालिया भारत दौरे के कुछ ही दिनों बाद भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस सप्ताहांत अमेरिका रवाना हो रहे हैं। जयशंकर 30-31 अक्टूबर को जॉर्जिया के अटलांटा में आयोजित जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।

इस बैठक की मेजबानी स्वयं रुबियो करेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा आर्थिक सहयोग, साझा सुरक्षा चुनौतियां, नेविगेशन की स्वतंत्रता, ऊर्जा व खाद्य सुरक्षा तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना है। जी-20 शिखर सम्मेलन दिसंबर में मियामी में होने वाला है।

अमेरिका 2026 में जी-20 की अध्यक्षता संभाल रहा है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दिसंबर 14-15 को मियामी के ट्रंप नेशनल डोरल में लीडर्स समिट की मेजबानी करेंगे। अटलांटा बैठक को इस शिखर सम्मेलन से पहले महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय स्तर की तैयारी माना जा रहा है।

जयशंकर की भागीदारी के दौरान भारत-अमेरिका द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा होनी तय है। बैठक के साइडलाइन में क्वाड (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) के विदेश मंत्रियों की बैठक भी हो सकती है। यह क्वाड विदेश मंत्रियों की इस वर्ष दूसरी बैठक होगी।

रुबियो कुछ दिन पहले भारत आए थे और मुंबई में जयशंकर से मुलाकात की थी। बैठक को दोनों देशों के मौजूदा असहज रिश्तों को सामान्य करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। दोनों मंत्रियों ने व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा सहयोग, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।

व्यापार समझौते को लेकर दोनों पक्षों ने प्रगति का जिक्र किया था। रुबियो के दौरे के दौरान ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया था। अब अटलांटा में जयशंकर की यात्रा उस चर्चा को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।

इस बैठक का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि आने वाले हफ्तों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दो महत्वपूर्ण मुलाकातें संभावित हैं। नवंबर में फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन (16-18 नवंबर) आयोजित हो रहा है। इस दौरान क्वाड लीडर्स समिट भी साइडलाइन में होने की पुष्टि रुबियो ने की है।

ट्रंप की आसियान समिट में भागीदारी की पुष्टि हो चुकी है और मोदी के भी मनीला जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात का मौका बन सकता है। इसके बाद दिसंबर में मियामी में जी-20 लीडर्स समिट के दौरान मोदी और ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक की संभावना है।

अमेरिकी पक्ष ने पहले भी मोदी को आमंत्रित किया है। व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने, ऊर्जा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने जैसे मुद्दे इन बैठकों में प्रमुख रह सकते हैं।