Move to Jagran APP

हिमवीरों ने शीत मरुस्थल में उगाई हरियाली

2015 में आइटीबीपी 12वीं वाहिनी के कमांडेंट केदार सिंह रावत ने वनस्पति विहीन नेलांग घाटी को हरा-भरा करने की शुरुआत की।

By Srishti VermaEdited By: Published: Wed, 02 Aug 2017 09:32 AM (IST)Updated: Wed, 02 Aug 2017 09:32 AM (IST)
हिमवीरों ने शीत मरुस्थल में उगाई हरियाली
हिमवीरों ने शीत मरुस्थल में उगाई हरियाली

उत्तरकाशी (शैलेंद्र गोदियाल)। भारत-चीन सीमा का अधिकांश हिस्सा शीत मरुस्थलीय क्षेत्र है। इसे ट्रांस हिमालय इलाका भी कहा जाता है। इसी क्षेत्र में समुद्रतल से 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित उत्तरकाशी जिले की नेलांग घाटी भी है। 122 किलोमीटर तक फैले इस सीमावर्ती क्षेत्र में दूर-दूर तक वनस्पति का दीदार नहीं होता। बावजूद इसके आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवान हिमवीरों की भांति पिछले एक साल से यहां हरियाली उगाने में जुटे हैं। इसकी गवाह बनी है चीन सीमा से लगी नेलांग चौकी, जहां विभिन्न प्रजाति के करीब 1500 पौधे मुस्कान बिखेर रहे हैं। अब हिमवीरों की तैयारी सीमा की अन्य सात चौकियों को हरा-भरा करने की है। इसके लिए पौध तैयार की जा रही है। नेलांग से आगे पड़ने वाली चौकियों की समुद्रतल से ऊंचाई इससे अधिक है। ट्रांस हिमालय से पहले महान हिमालय आता है और ट्रांस हिमालय के बाद तिब्बत के पठार शुरू हो जाते हैं। ट्रांस हिमालय में सामान्य दिनों में भी अधिकतम तापमान मुश्किल से दस डिग्री होता है, जबकि

loksabha election banner

शीतकाल में अधिकतम तापमान भी माइनस में रहता है। अधिक ऊंचाई और वनस्पति विहीन होने के कारण यहां तेज हवाएं चलती हैं, लेकिन हवा में ऑक्सीजन की काफी कमी रहती है। ऐसे में सीमा पर तैनात जवानों को प्रकृति की इस मार से जूझना पड़ता है।

सीमा सुरक्षा के लिए नेलांग घाटी में 1964 से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस तैनात है। 2015 में आइटीबीपी 12वीं वाहिनी के कमांडेंट केदार सिंह रावत ने वनस्पति विहीन नेलांग घाटी को हरा-भरा करने की शुरुआत की। 2016 में आइटीबीपी के हिमवीरों ने यहां सेब, स्थानीय पॉपुलर, स्प्रूस व स्थानीय मोरपंखी के करीब ढाई हजार पौधों का रोपण यहां किया। इनमें से करीब 1500 पौधे खुद को यहां के वातावरण के अनुरूप ढाल चुके हैं। इनकी देखभाल के लिए जवानों की जिम्मेदारी तय की गई है। 12वीं वाहिनी के कमांडेंट रावत बताते हैं कि नेलांग घाटी से आने वाली जाड़ गंगा के किनारे उन्होंने पॉपुलर के पेड़ देखे थे। इसी से उन्हें ख्याल आया कि इनके पौधे जवानों की चौकियों में भी पनप सकते हैं। सो, वहां पॉपुलर की टहनियां रोपी गईं। पेड़-पौधों के लगने से नेलांग घाटी में गोरैया भी नजर आने लगी है।

सब्जी भी उगा रहे जवान
नेलांग में आइटीबीपी के जवान हरियाली के साथ सब्जी भी उगा रहे हैं। इन दिनों जवान वहां आलू, राई, मूली व बीन्स की खेती कर रहे हैं। इससे भी हरियाली और गुलजार हो रही है।

-भारत-चीन सीमा पर आइटीबीपी की नेलांग चौकी में मुस्कान बिखेर रहे विभिन्न प्रजाति के 1500 पौधे
-7 अन्य चौकियों को भी हरा-भरा करने की हो रही तैयारी

यह भी पढ़ें : 365 दिन गरीबों को खाना खिलाएंगे गंभीर, सोशल साइट्स पर मिल रही सराहना


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.