राजस्थान में सैन्य अधिकारियों के बच्चों को फोन कर रही आइएसआइ
पोकरण में भारतीय वायुसेना अपना सबसे बड़ा युद्धाभ्यास आयरन फिस्ट करने जा रही है। आइएसआइ ने इससे जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
जयपुर। पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी आइएसआइ अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए अब सैन्य अधिकारियों के बच्चों को फोन कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इसका खुलासा होने के बाद सेना ने अपने सभी कर्मियों को सतर्क रहने को कहा है।
गौरतलब है कि पोकरण में भारतीय वायुसेना अपना सबसे बड़ा युद्धाभ्यास आयरन फिस्ट करने जा रही है। आइएसआइ ने इससे जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
सैन्य सूत्रों का कहना है कि जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर आदि सीमावर्ती जिलों में कुछ सैन्य अधिकारियों के बच्चों के पास इस तरह के फोन आए हैं। अपने आप को सेना का बड़ा अधिकारी बताकर बच्चों से उनके पिता के बारे में जानकारी मांगने का प्रयास किया गया। विशेष रूप से केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों पर फोकस किया जा रहा है। इसके लिए क्षेत्र में सक्रिय स्लीपिंग सेल के माध्यम से बच्चों के नंबर जुटाकर फोन किए जा रहे हैं।