'अमेरिका से सशर्त होगी परमाणु वार्ता', ईरान बोला- पुरानी स्थिति में नहीं लौटेंगे
ईरान ने अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता के दरवाजे खुले रखे हैं, लेकिन साफ किया है कि बातचीत पुरानी परिस्थितियों ...और पढ़ें

अमेरिका से सशर्त होगी परमाणु वार्ता। (रॉयटर्स)
HighLights
ईरान अमेरिका से सशर्त परमाणु वार्ता को तैयार है।
तेहरान पुरानी परिस्थितियों में बातचीत नहीं करेगा।
यमन संकट पर बातचीत का ईरान ने समर्थन किया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान ने अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता के दरवाजे खुले रखे हैं, लेकिन साफ कर दिया है कि बातचीत पहले जैसी परिस्थितियों में नहीं हो सकती। रायटर्स के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि तेहरान बीते वर्षों के अनुभवों और जमीनी हालात में आए बदलावों को नजरअंदाज करके आगे नहीं बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि ईरान के शांति प्रस्ताव पर अमेरिका के जवाब की समीक्षा की जा रही है और जल्द ही इस पर प्रतिक्रिया दी जाएगी। बघाई के मुताबिक, दोनों देशों के बीच मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। हालांकि, उन्होंने बातचीत की संभावित रूपरेखा या अगले कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमेरिका के सामने सात सूत्रीय प्रस्ताव रखा था। इसके तहत प्रस्ताव स्वीकार किए जाने पर सात दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोलने की बात कही गई थी। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम है। अब तेहरान अमेरिकी जवाब पर विचार कर रहा है।
बघाई ने कहा कि ईरान बातचीत से पीछे नहीं हटा है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अपने हितों को ध्यान में रखते हुए कूटनीतिक रास्ता अपनाने को तैयार है। उन्होंने जोर दिया कि पिछले दो वर्षों के अनुभवों से सबक लेते हुए ईरान अपनी क्षमताओं को मजबूत करेगा।
यमन में बातचीत से तनाव घटाने पर जोर
ईरान ने सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव कम करने के लिए भी बातचीत का समर्थन किया है। बघाई ने कहा कि यमन संकट का समाधान संयुक्त राष्ट्र के रोडमैप के आधार पर निकाला जाना चाहिए।
यह बयान ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची की अपने सऊदी समकक्ष से फोन पर बातचीत के बाद आया। बघाई ने कहा कि ईरान क्षेत्रीय देशों के साथ संपर्क में है और कूटनीतिक प्रयासों से संघर्ष सुलझाने में मदद करना चाहता है। उन्होंने कहा कि दो इस्लामिक देशों के बीच लड़ाई जारी रहना पूरे क्षेत्र के हित में नहीं है।
लेबनान ने 780 किग्रा विस्फोटक लदा ट्रक पकड़ा
लेबनान के पीएम नवाफ सलाम ने कहा है कि पूर्वी बेक्का घाटी को बेरूत से जोड़नेवाले हाइवे पर 780 किलोग्राम विस्फोटक लदा ट्रक पकड़ा गया है। मामले को ईरान समर्थित आतंकी समूह हिजबुल्ला से जोड़कर जांच की जा रही है। ट्रक में 250 किग्रा टीएनटी और इतनी ही मात्रा में सी4 प्लास्टिक विस्फोटक और अन्य घातक विस्फोटक लदे थे। हिरासत में लिए गए दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।
