इंदौर में 3163 संदिग्धों के जांचे गए सैंपल, 468 नए कोरोना पाजिटिव मिले
इंदौर में पिछलें घंटों 6 मरीजों की मौत हो गई जिससे मरने वालों का कुल आंकड़ा 551 पर पहुंच गया। इंदौर में कुल पाजिटिव मरीजों की संख्या 23075 हो गई। इनमें से 18198 मरीज ठीक हो चुके हैं।
इंदौर, जेएनएन। इंदौर में रविवार को जांचे गए कोरोना संदिग्ध 3163 मरीजों के सैंपल में से 468 पाजिटिव आए हैं। 6 मरीजों की मौत की पुष्टि के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 551 हो गई है। कुल पाजिटिव मरीजों की संख्या 23,075 हो गई। इनमें से 18,198 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन के मुताबिक अब तक 2 लाख 93 हजार 759 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की जा चुकी है। कुल पाजिटिव मरीजों में से सक्रिय मरीजों की संख्या 4330 तक पहुंच गई। 3240 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उधर, महू में 27 नए मरीज मिले हैं।
भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 82 हजार 170 नए मामले सामने आए हैं, और इस दौरान 1,039 लोगों की मृत्यु हो गई है। वहीं, इससे एक दिन पहले 88,600 नए मामले सामने आए थे और मरने वालों की संख्या 1,124 थी। राहत की खबर यह है कि देश में संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 50 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। कुल रिकवरी में से 10 लाख लोग सिर्फ पिछले 11 दिनों में ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या सक्रिय मामलों से पांच गुना ज्यादा है।
21 राज्यों में नए मामलों से ज्यादा मरीज हो रहे स्वस्थ
सक्रिय मामलों से स्वस्थ हो चुके मरीजों की ब़़ढती संख्या के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में प्रतिदिन सामने आ रहे नए मामलों से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और मेघालय शामिल हैं। सक्रिय मरीजों और स्वस्थ हो चुके मरीजों के बीच का दायरा भी ब़़ढता जा रहा है। अभी तक लगभग 60 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं, जिनमें से करीब 50 लाख स्वस्थ हो चुके हैं और 94 हजार से अधिक की जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले लगातार 10 लाख से कम बने हुए हैं।