मराठा कोटा आंदोलन के कारण नवी मुंबई में इंटरनेट सेवा निलंबित
बुधवार शाम पुलिस ने कोपर खैराने में आंसू गैस के गोले दागे थे और लाठी चार्ज भी किया था।
मुंबई, प्रेट्र। नवी मुंबई इलाके में गुरुवार सुबह से ही इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है। यह जानकारी पुलिस अधिकारी ने दी है। अधिकारी ने कहा कि कोपर खैराने जैसे क्षेत्रों में स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इन क्षेत्रों में बुधवार को मराठा कोटा आंदोलन के दौरान हिंसा हुई थी। कोपर खैराने में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है।
बुधवार शाम पुलिस ने कोपर खैराने में आंसू गैस के गोले दागे थे और लाठी चार्ज भी किया था। प्रदर्शनकारी वाहनों पर पथराव और आगजनी कर रहे थे। स्थानीय लोगों के साथ टकराव के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया था। उपद्रवियों ने एक पुलिस चौकी भी जला दी।
सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग करते हुए मराठा संगठनों ने बंद का आयोजन किया था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के पथराव में पांच-छह कारें भी क्षतिग्रस्त हो गई। उपद्रवियों ने सेक्टर तीन में एक होटल में भी आग लगा दी।
मुद्दे दबाने की कीमत भुगत रहा महाराष्ट्र : शिवसेना
शिवसेना ने कहा कि सरकार के मुद्दे दबाने की कीमत महाराष्ट्र भुगत रहा है। पार्टी ने मौके से गायब रहने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की आलोचना की है।