International Yoga Day 2021: जानिए क्या है योग दिवस पर दुनिया को भारत की सौगात M-Yoga एप; यहां देखें खासियतें
International Yoga Day 2021 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है। भारत द्वारा WHO के सहयोग के साथ एक M-Yoga App लॉन्च की गई है। ये दुनिया को भारत की सौगात है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। International Yoga Day 2021, आज भारत समेत पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत ने दुनिया को एक और सौगात दी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत की ओर से M-Yoga एप लॉन्च किया है। जिन्दगी में फिट रहने के लिए योग जरूरी है तो आप इस खास मोबाइल एप के जरिए योग कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस खास एप बारे में जिसका जिक्र पीएम ने अपने संबोधन में किया है।
पीएम मोदी ने किया लॉन्च
सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस एप को लॉन्च किया। इसे भारत ने विश्व स्वास्थ्य संगठन(डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर बनाया है। पीएम मोदी ने कहा कि हम चाहते हैं कि योग दुनियाभर के लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध हो।
क्या है M -yoga एप ?
यह ऐसा ऐसा एप होगा जिसके माध्यम से कई अलग-अलग भाषाओं में योग को समझा और सीखा जा सकेगा। भारत ने विश्व स्वास्थ्य संगठन(डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर M-Yoga ऐप की आज से शुरुआत की है। इस मोबाइल ऐप में योग के अलग-अलग आसन और अन्य जानकारियां मिल पाएंगी, जो अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध रहेंगी।
जब भारत ने यूनाइटेड नेशंस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था, तो उसके पीछे यही भावना थी कि ये योग विज्ञान पूरे विश्व के लिए सुलभ हो।
आज इस दिशा में भारत ने यूनाइटेड नेशंस, WHO के साथ मिलकर एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है: PM @narendramodi #YogaDay— PMO India (@PMOIndia) June 21, 2021
क्या होगा खास ?
एम योगा ऐप में योग को लेकर आसान प्रोटोकॉल समझाई जाएंगी, ताकि अलग-अलग देशों में योग का प्रसार हो सके। इस ऐप में योग को लेकर वीडियोज़ जारी किए जाएंगे, जो अलग-अलग भाषा में होंगे। हालांकि, ये किन-किन भाषाओं में होंगे इसको लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। यह ऐप पूरी तरह सुरक्षित है और ये यूजर से कोई डाटा एकत्र नहीं करता है और इसे 12 से65 वर्ष की उम्र के व्यक्ति दैनिक योग साथी के रूप में उपयोग कर सकते हैं।
2014 से हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर को देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक सभाओं में देखा गया है। अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाने के लिए प्रस्ताव खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था।