विदेश में कार्यरत भारतीयों की सुरक्षा के लिए तंत्र बनाने के निर्देश
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर की अध्यक्षता वाली इस समिति को विदेश मंत्रालय के सचिव विजय गोखले और अन्य अधिकारियों ने इराक मामले की जानकारी दी।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। संसद में विदेशी मामलों की स्थायी समिति ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को तलब कर उनसे इराक में मारे गए 39 भारतीयों के संबंध में सवाल पूछे। साथ ही विदेश में काम रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्यतंत्र विकसित करने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर की अध्यक्षता वाली इस समिति को विदेश मंत्रालय के सचिव विजय गोखले और अन्य अधिकारियों ने इराक मामले की जानकारी दी। इराक में आतंकी संगठन आइएस द्वारा मारे गए 39 भारतीय कामगारों के विषय में विदेश सचिव ने वही तथ्य सामने रखे जो विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने 20 मार्च को संसद के समक्ष रखे थे। इनमें सर्वाधिक 27 लोग पंजाब, चार हिमाचल प्रदेश, छह बिहार और दो पश्चिम बंगाल के थे।
समिति ने अधिकारियों के साथ यह बैठक अशांत देशों में कार्य कर रहे भारतीयों की सुरक्षा के मानदंड तय करने के सिलसिले में आयोजित की थी। थरूर ने अधिकारियों को ऐसे कानून का मसौदा तैयार करने के निर्देश दिए जो विदेश में कामगारों का उत्पीड़न रोकने और उनकी सुरक्षा के लिए कारगर साबित हो सके।