बिहार रेजीमेंट और वायुसेना की 6 स्क्वाड्रन को सौंपा गया INS विक्रमादित्य
आइएनएस विक्रमादित्य को औपचारिक रूप से बिहार रेजीमेंट और भारतीय वायुसेना की छह नंबर स्क्वाड्रन को सौंप दिया गया है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। भारतीय नौसेना के सबसे बड़े और एकमात्र विमानवाहक पोत आइएनएस विक्रमादित्य गुरुवार को औपचारिक रूप से भारतीय सेना की अत्यधिक सम्मानित और युद्ध कौशल से युक्त बिहार रेजीमेंट तथा भारतीय वायुसेना की छह नंबर स्क्वाड्रन को सौंप दिया गया है। जगुआर लड़ाकू विमानों से लैस इंडियन नेवल शिप (आइएनएस) विक्रमादित्य समुद्री सुरक्षा के लिए काम करता है।
पोत को सौंपने के लिए मनोरम पश्चिमी घाटों के बीच करवार नेवल बेस पर आइएनएस विक्रमादित्य पर एक शानदार समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नौसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल गिरीश लूथरा और थल सेना के सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अमरजीत सिंह भी मौजूद थे। अमरजीत सिंह बिहार रेजीमेंट के कर्नल भी हैं।
इस कार्यक्रम के गवाह समुद्रीय वायु अभियानों के एयर आफिसर कमांडिंग एयर वाइस मार्शल एम फर्नाडीज भी बने। इस ऐतिहासिक समारोह की शुरुआत तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के निरीक्षण के साथ हुई।
यह भी पढ़ें: नेक्स्ट जेनरेशन विध्वंसक पोत तैयार करेगी नौसेना