लॉकडाउन में इंदौर के निवासी ने निभाया धर्म, शारजाह में फंसे 168 भारतीयों को विमान से भेजा घर
इंदौर निवासी जितेंद्र मलतानी ने लॉकडाउन में शारजाह और दुबई में फंसे 168 लोगों को चार्टर्ड प्लेन के माध्यम से अहमदाबाद भेजा।
इंदौर, राज्य ब्यूरो। अगर आपके पास दिल बड़ा हो तो कुछ भी संभव है। देश में कोरेाना वायरस के प्रसार के कारण लगे लॉकडाउन के दौरान कई लोगों ने ऐसा ही बड़ा दिल दिखाया और वे लोगों के हीरो बन गए। मूल रूप से इंदौर के रहने वाले एक भारतीय ने शारजाह में फंसे भारतीयों के लिए फिल्म एयरलिफ्ट के हीरो अक्षय कुमार का किरदार वास्तविकता में निभा दिया। लॉकडाउन में वहां फंसे 168 लोगों को चार्टर्ड प्लेन के माध्यम से अहमदाबाद भेज दिया। इनमें से 50 लोग इंदौर के रहने वाले थे। इन लोगों में भी जो जरूरतमंद या मजदूर वर्ग के थे, उनका किराया इस इंदौरी व्यापारी ने चुका दिया। प्लेन शनिवार रात 10.30 बजे अहमदाबाद उतरा।
शारजाह में फंसे भारतीयों को स्वदेश भिजवाया, 50 इंदौर के
जानकारी के मुताबिक, इंदौर निवासी जितेंद्र मलतानी बीते कुछ सालों से दुबई में रहते हैं। जब उन्हें पता चला कि वंदे भारत मिशन के तहत केवल देश के प्रमुख शहरों दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट उपलब्ध है और मध्यप्रदेश के लोगों के लिए कोई सुविधा नहीं है, तो उन्होंने इन्हें भारत भेजने का निर्णय लिया। मतलानी ने बताया कि मैं व्यापार के सिलसिले में कई सालों से दुबई में हूं। लेकिन वहां लोगों को परेशान देखा तो रहा नहीं गया। हमने भारतीय मुद्रा के हिसाब से 40 लाख रुपये में एक विमान बुक किया। जिसे भारत भेजने के लिए तमाम अनुमति ली। शनिवार रात यह विमान अहमदाबाद आ गया। इंदौर के रहने वाले लोगों को सड़क मार्ग से इंदौर भेजा जाएगा। दुबई से आने वाले लोगों में 100 से ज्यादा मप्र के विभिन्न शहरों के हैं, जबकि 50 इंदौर के हैं।
कई लोगों से नहीं लिया किराया
मलतानी ने बताया कि हम फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश के नाम से एक संगठन भी चलाते हैं। जब हमें पता चला कि लोग परेशान हैं तो हमने ऐसे लोग जो किराया नहीं दे सकते, उनसे किराया नहीं लिया। उन्हें अपने परिवार के पास भेजने का इंतजाम किया है। अगले सप्ताह हम शारजाह से बीच भी एक विमान का संचालन करेंगे।