इंदौर की अपूर्वा बनेंगी एनडी तिवारी की बहू, बेटे रोहित संग हुई सगाई
पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की इंदौर की अपूर्वा शुक्ला से सगाई हो गई है।
इंदौर (नईदुनिया)। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायणदत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी ने शनिवार को इंदौर निवासी अपूर्वा शुक्ला से सगाई की। सगाई कार्यक्रम दिल्ली स्थित सरकारी आवास 'स्वतंत्र सदन' में हुआ। इसमें परिवार के कुछ चुनिंदा लोग शामिल हुए।
सगाई के बाद रोहित अपूर्वा के साथ दिल्ली के साकेत स्थित मेक्स अस्पताल में अपने पिता से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान अपूर्वा की मां मंजुला और पिता पीके शुक्ला भी थे। रोहित व अपूर्वा सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं। दोनों की मुलाकात वहीं पर हुई। इसके बाद पिछले एक साल से दोनों परिवारों में रिश्ते को लेकर चर्चा चल रही थी।
मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं एनडी तिवारी
बीते कई दिनों से एनडी तिवारी बीमार चल रहे हैं, जिसके चलते वे मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। जहां उनका इलाज चल रहा है। यही कारण है कि रोहित शेखर चाहते हैं कि उनकी शादी में उनके पिता एनडी तिवारी एकदम स्वस्थ होकर पहुंचे। सगाई की जानकारी देते हुए एनडी तिवारी के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश शर्मा ने बताया कि जल्द ही शादी की तारीख बताई जाएगी।
गौरतलब है कि रोहित शेखर ने एनडी तिवारी को अपना पिता साबित करने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। इसके लिए डीएनए टेस्ट भी कराया गया था, तब जाकर तिवारी ने रोहित को अपना बेटा माना था।