विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Indigo Emergency Landing: इंडिगो की शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी, पाकिस्तान के कराची में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

By Achyut KumarEdited By:
Published: Sun, 17 Jul 2022 08:53 AM (IST)Updated: Sun, 17 Jul 2022 09:19 AM (IST)

इंडिगो शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को पायलट द्वारा विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद पाकिस्तान के कराची की ओर ...और पढ़ें

इंडिगो शाहजाह-हैदराबाद फ्लाइट में तकनीकी खराबी, कराची में इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इंडिगो शाहजाह-हैदराबाद फ्लाइट में तकनीकी खराबी, कराची में इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नई दिल्ली, एएनआइ। पायलट द्वारा विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद इंडिगो शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को पाकिस्तान के कराची की ओर मोड़ दिया गया, जिसकी हवाई अड्डे पर जांच की जा रही है। एयरलाइन एक और विमान को कराची भेजने की योजना बना रही है। दो सप्ताह में कराची में उतरने वाली यह दूसरी भारतीय एयरलाइन है। इससे पहले, 5 जुलाई को नई दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट ने तकनीकी खराबी की वजह से पाकिस्तान के कराची हवाई अड्डे पर एहतियाती लैंडिंग की थी।

दूसरा विमान कराची के लिए रवाना

इंडिगो एयरलाइंस ने अपने एक बयान में कहा, 'शारजाह-हैदराबाद उड़ान के पायलट द्वारा विमान में तकनीकी खराबी देखे जाने के बाद, एहतियात के तौर पर विमान को कराची, पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों को हैदराबाद ले जाने के लिए कराची के लिए एक अतिरिक्त फ्लाइट भेजी जा रही है।

स्पाइसजेट की फ्लाइट ने कराची में की एहतियाती लैंडिंग

बता दें, पांच जुलाई को नई दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट की तकनीकी खराबी की वजह से कराची हवाई अड्डे पर एहतियाती लैंडिंग कराई गई थी। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया, '5 जुलाई, 2022 को, स्पाइसजेट बी 737 विमान संचालन उड़ान एसजी-11 (दिल्ली-दुबई) को एक संकेतक प्रकाश की खराबी के कारण कराची की ओर मोड़ दिया गया था। विमान को कराची में सुरक्षित रूप से उतारा गया।'

कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

इसी सप्ताह बुधवार को दिल्ली से इंफाल जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान की भी कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इंडिगो विमान संख्या 6E2615 को इंफाल में उतरना था, लेकिन वहां मौसम खराब होने की वजह से लैंडिंग नहीं हो पाई, जिसकी वजह से इसे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान का ईंधन भी खत्म होने वाला था। विमान में कुल 141 यात्री सवार थे।

विमान के केबिन से उठा धुंआ

हाल ही , बीते 6 जुलाई को इंडिगो एयरलाइंस की रायपुर-इंदौर प्लाइट के चालक दल के सदस्यों ने ए 320 विमान के गंतव्य पर उतरने के बाद केबिन में से धुंआ उठते हुए देखा। इसकी जानकारी विमानन नियामक डीजीसीए के अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि सभी यात्री विमान से सुरक्षित उतर गए थे। डीजीसीए इसकी जांच कर रहा है।