DGCA के नए ड्यूटी नियमों के लिए पूरी तरह तैयार इंडिगो, पायलटों को बड़ी राहत
इंडिगो ने डीजीसीए को नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियमों के पूर्ण अनुपालन का आश्वासन दिया है। पायलटों की ...और पढ़ें

DGCA के नए ड्यूटी नियमों के लिए पूरी तरह तैयार इंडिगो
HighLights
इंडिगो ने डीजीसीए को नए एफडीटीएल नियमों पर आश्वस्त किया।
पायलटों की ड्यूटी नियमों पर अस्थायी छूट 10 फरवरी को समाप्त।
एयरलाइन 11 फरवरी 2026 तक पूर्ण अनुपालन के लिए तैयार।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमानन नियामक डीजीसीए को परिचालन व्यवस्थाओं को लेकर आश्वस्त किया है। एयरलाइन ने कहा कि नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियमों के पूर्ण अनुपालन के लिए सभी आवश्यक परिचालन, रोस्टरिंग और मानिटरिंग व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।
पायलटों की ड्यूटी से जुड़े नए नियमों पर दी गई अस्थायी छूट 10 फरवरी को समाप्त हो गई। इसके बाद बुधवार को डीजीसीए ने विस्तृत बयान जारी कर एयरलाइन की तैयारियों की जानकारी दी।
दिसंबर की शुरुआत में भारी परिचालन अव्यवस्था के चलते तीन से पांच दिसंबर के बीच इंडिगो ने 2,507 उड़ानें रद की थीं। जांच में आपरेशन्स का अत्यधिक अनुकूलन, नियामकीय तैयारी की कमी, सिस्टम साफ्टवेयर सपोर्ट में खामियां, प्रबंधन और परिचालन नियंत्रण ढांचे में कमियां पाई गई।
इन कारणों से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। इसके बाद डीजीसीए ने एयरलाइन के शीतकालीन निर्धारित उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती भी की थी और नए एफडीटीएल नियमों के लागू करने में 10 फरवरी तक का समय दिया था।
डीजीसीए की ओर से जारी बयान के अनुसार, इंडिगो ने बताया है कि दिया गया समय समाप्त होने के बाद वह वैधानिक प्रविधानों के पालन और नौ अक्टूबर 2025 को स्वीकृत एफडीटीएल योजना को लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विमानन कंपनी ने कहा कि 11 फरवरी 2026 से स्वीकृत एफडीटीएल योजना के पूर्ण अनुपालन के लिए सभी जरूरी परिचालन, रोस्टरिंग और निगरानी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। इंडिगो की घरेलू बाजार हिस्सेदारी दिसंबर में घटकर 59.6 प्रतिशत रह गई थी, जो नवंबर में 63.6 प्रतिशत थी तब वह प्रतिदिन करीब 2,200 उड़ानों का संचालन करती थी।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
