रेलवे ने जींद-सोनीपत मार्ग पर 10 कोच वाली हाइड्रोजन ट्रेन को दी मंजूरी, 75 kmph होगी रफ्तार
रेल मंत्रालय ने जींद और सोनीपत के बीच 75 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलने वाली देश की ...और पढ़ें

रेलवे ने जींद-सोनीपत मार्ग पर 10 कोच वाली हाइड्रोजन ट्रेन को दी मंजूरी।
HighLights
जींद-सोनीपत रूट पर पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मंजूरी।
ट्रेन 75 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलेगी।
हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक का होगा उपयोग।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने जींद और सोनीपत के बीच 75 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन चालित 10 कोच वाली डीएमयू ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन डीजल या बिजली के बजाय हाइड्रोजन ईंधन सेल का उपयोग करके विद्युत उत्पादन करेगी।
इसकी कुल विद्युत क्षमता 1,200 किलोवाट है और यह डिस्ट्रीब्यूटेड पावर रोलिंग स्टाक (डीपीआरएस) तकनीक पर काम करेगी। इसके तहत बिजली किसी एक लोकोमोटिव में केंद्रित होने के बजाय पूरी ट्रेन में वितरित की जाती है।
मंत्रालय की मंजूरी रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स आर्गनाइजेशन (आरडीएसओ) से तकनीकी स्वीकृति और रेल सुरक्षा आयुक्त द्वारा सुरक्षा परीक्षण (सीसीआरएस) के बाद दी गई। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को संबोधित स्वीकृति पत्र में आरडीएसओ द्वारा जारी अंतिम गति प्रमाण पत्र और अन्य रखरखाव मानदंडों के साथ-साथ सीसीआरएस द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि मंत्रालय की मंजूरी का मतलब तत्काल परिचालन शुरू करना नहीं है, क्योंकि कई अनुपालन प्रक्रियाएं और सत्यापन अभी पूरे होने बाकी हैं।
उत्तर रेलवे जोन के महाप्रबंधक को न केवल आरडीएसओ और सीसीआरएस द्वारा, बल्कि पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) और एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा प्रमाणन और निरीक्षण संगठन जैसे अन्य वैधानिक प्राधिकरणों द्वारा निर्धारित शर्तों से संबंधित सभी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होंगी।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
