पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में नौसेना कर्मचारी सहित दो गिरफ्तार, पुलिस के रडार पर 18 संदिग्ध
आंध्र प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में नौसेना के एक कर्मचारी सहित दो लोगों को ...और पढ़ें

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में नौसेना कर्मचारी सहित दो गिरफ्तार। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाआ गई है)
HighLights
आंध्र प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी में दो को पकड़ा।
गिरफ्तार लोगों में नौसेना कर्मचारी और एक कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर शामिल।
कुल 18 संदिग्धों में 13 नौसेना कर्मी, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नौसेना का एक कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, कुल 18 संदिग्धों में से 13 नौसेना के कर्मचारी हैं, जो कथित तौर पर जासूसी की साजिश में शामिल हैं।
पुलिस ने विशाखापत्तनम नौसेना बेस के नौसेना कर्मचारी प्रदीप मुखर्जी और नौसेना अधिकारियों के लिए काम करने वाले एक कान्ट्रैक्ट ड्राइवर अन्नम साई वरप्रसाद को गिरफ्तार किया। आंध्र प्रदेश काउंटर इंटेलिजेंस सेल को जानकारी मिली थी कि दोनों पाकिस्तान के खुफिया एजेंट (पीआईओ) के सीधे संपर्क में थे।
दो गिरफ्तार, संदिग्धों की जांच जारी
शुरुआती तौर पर भूमिका साबित होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और बाकी संदिग्धों के मामले में जांच चल रही है। मुखर्जी को हाल ही में तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया। उसे 14 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वह अभी विजयवाड़ा जेल में बंद है। वरप्रसाद भी जेल में है।
काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने 10 राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर उन संदिग्धों का पता लगाया, जिन पर पाकिस्तान के खुफिया एजेंट के साथ सीधे संपर्क में रहने का आरोप है।
वरप्रसाद पर आरोप है कि उसने नौसेना और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारी पीआईओ के साथ साझा की और बदले में पैसे लिए। मुखर्जी पर आरोप है कि वह एक पीआईओ द्वारा वाट्सएप अकाउंट एक्टिवेट करने के लिए ओटीपी साझा करने, उससे बातचीत करने और नौसेना व रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने में शामिल था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
