विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वायु, समुद्र और AI से क्वांटम तकनीक तक हर क्षेत्र में विकास कर रही है नौसेना'; बोले नेवी उप प्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:30 PM (IST)

नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर ने बताया कि नौसेना वायु, जल और एआई से क्वांटम तकनीक तक सभी ...और पढ़ें

वाइस एडमिरल अजय कोचर (फाइल फोटो)

वाइस एडमिरल अजय कोचर (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर ने कहा कि नौसेना बहु-क्षेत्रीय नेटवर्क बल बनने के लिए वायु और पानी के भीतर से लेकर एआई और क्वांटम प्रौद्योगिकी तक सभी क्षेत्रों में विकास की दिशा में काम कर रही है।

वाइस एडमिरल अजय कोचर ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नौसेना के प्रयास केवल नई प्रौद्योगिकी अपनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संचालन संबंधी क्षमताओं को पूरा करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी स्थिति और इस बदलते संघर्ष के बीच समुद्री हितों की रक्षा में नौसेना की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, मौजूदा संकटों ने हमें सोच-विचार और तैनाती, दोनों ही लिहाज से व्यस्त रखा है।

उन्होंने नौसेना के ‘आपरेशन ऊर्जा सुरक्षा’ का भी जिक्र किया। इसके तहत महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर हमलों के बीच कई जहाजों को सुरक्षित रूप से भारतीय तटों तक पहुंचाने में मदद मिली है।

हालिया संघर्षों से प्रौद्योगिकी अपनाने के संबंध में मिले सबक के बारे में पूछे जाने पर उप नौसेना प्रमुख ने कहा कि इन संघर्षों ने उन बदलावों को सामने ला दिया है, जिन्हें बल को अपनाने और अपनी कार्यप्रणाली में शामिल करने की जरूरत है। इन युद्धों में स्वायत्त प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल शामिल है।

उन्होंने कहा, आगे की बात करें तो इसमें मानवरहित हवाई प्रणालियों का मुकाबला और क्वांटम प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल भी शामिल है। यह ऐसा क्षेत्र है जो निकट भविष्य में तेजी से विकसित होगा। हम इन सभी बातों से पूरी तरह अवगत हैं।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)