नेपाल में अपना अस्थाई कैंप कार्यालय बंद करने जा रहा है भारतीय दूतावास
भारतीय दूतावास नेपाल के बिराटनगर स्थित कैंप कार्यालय को बंद करने जा रहा है। साल 2008 में कोसी नदी में आई बाढ़ के बाद अस्थाई तौर पर यह खोला गया था।
नई दिल्ली (एएनआइ)। भारतीय दूतावास के नेपाल के बिराटनगर में चल रहे कैंप कार्यालय को जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी हाल ही कि यात्रा में नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा कोली ओली को इस फैसले के बारे में बताया।
गौरतलब है कि कोसी नदी में बाढ़ आ जाने के बाद साल 2008 में भारत के विदेश मंत्रालयन ने बिराटनगर में कैंप कार्यालय खोला था।
कोसी नदी में आई बाढ़ के कारण राजमार्ग का करीब 17 किलोमीटर का इलाका तबाह हो गया था। जिसके बाद वाहनों की आवाजही के लिए नेपाल ने भारत को अस्थायी तौर पर कैंप कार्यालय खोलने की इजाजत दी थी। शुरुआत में यह कार्यालय सुंसारी में खोला गया था, जिसे बाद में बिराटनगर स्थानातंरित कर दिया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि जिस मकसद से यह कैंप कार्यालय खोला गया था, वह पूरा हो चुका है। भारत सरकार ने अब इस कैंप कार्यालय को बंद करने और अधिकारियों को शिफ्ट करने का फैसला लिया है।