भारत पाकिस्तान की सेना मिलकर रूस में करेगी सैन्य अभ्यास
शंघाई सहयोग संगठन के संयुक्त सैन्य अभ्यास में चीन और पाकिस्तान की सेनाएं पहली बार एक साथ अभ्यास करेंगी।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर हालात अच्छे नहीं हैं। पाक की ओर से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है। एलओसी पर भारत-पाक की सेनाएं सीना ताने खड़ी हैं। लेकिन जल्द ही रूस में भारत और पाकिस्तान की सेनाएं एक साथ सैन्य अभ्यास करती नजर आएंगी। चीन और पाकिस्तान के साथ-साथ भारत के 200 सैनिक भी इस सैन्य अभ्यास में हिस्सा लें रहे हैं। यह संयुक्त युद्ध अभ्यास अगस्त में होगा।
रूस में होने वाली संघाई सहयोग संगठन का संयुक्त सैन्य अभ्यास में भारत और पाकिस्तान की सेनाएं संयुक्त युद्ध अभ्यास करेंगी। यह संयुक्त युद्ध अभ्यास अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत में होगा। इसमें आठ संघाई देशों के करीब 3000 सैनिक शामिल होंगे। यह रूस में दक्षिणी यूराल की ढलानों पर स्थित चेबर्कुलस्की प्रशिक्षण स्थल पर होगा।
बता दें कि शंघाई सहयोग संगठन के संयुक्त सैन्य अभ्यास में चीन और पाकिस्तान की सेनाएं पहली बार एक साथ अभ्यास करेंगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए भारत की राजपूत रेजीमेंट की 5th बटालियन के करीब 200 सैनिक भारतीय वायु सेना के ट्रांसपोर्टर विमान से रूस जाएंगे। इस अभ्यास के लिए भारतीय दल 14-15 अगस्त को भारत से रवाना हो जाएगा। इस अभ्यास में संयुक्त रूप से 3000 सैनिक एक ऐसे काल्पनिक शहर पर हमला करेंगे जिसे आतंकियों ने घेर लिया है और वहां के नागरिकों की जान संकट में है।