विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

​​​​​पूरी तरह से बदली भारत-कनाडा संबंधों की तस्वीर, पीएम मोदी और कार्नी की बात के बाद बड़ी डील को मंजूरी

By Jayaprakash RanjanEdited By: Deepak Gupta
Published: Wed, 14 Oct 2026 08:30 PM (IST)

भारत और कनाडा के संबंध पूरी तरह बदल गए हैं। पीएम मोदी और कार्नी की बातचीत के बाद आईडीबीआई बैंक ...और पढ़ें

पूरी तरह से बदली भारत-कनाडा संबंधों की तस्वीर। (रॉयटर्स)

पूरी तरह से बदली भारत-कनाडा संबंधों की तस्वीर। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. भारत-कनाडा संबंधों में आया महत्वपूर्ण बदलाव, उच्चस्तरीय वार्ताएं जारी।

  2. आईडीबीआई बैंक की हिस्सेदारी कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स को बेची गई।

  3. दोनों देश व्यापार बढ़ाने और सीईपीए समझौते पर प्रतिबद्ध।

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच रिश्तों की तासीर व तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है। पिछले साल जहां दोनों देश एक दूसरे के उच्चायुक्तों को निष्कासित कर रहे थे वहीं अब मंत्रीस्तरीय वार्ता का दौर थम ही नहीं रहा।

एक दिन पहले (13 अक्टूबर) पीएम नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की फोन वार्ता हुई और अगले दिन दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हो रही है, जबकि कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री भी भारत में हैं।

आइडीबीआई बैंक को कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स को बेचने का फैसला

साथ ही, कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स को आईडीबीआई बैंक की बहुमत हिस्सेदारी बेचने का फैसला भी बुधवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में किया गया। दोनों देश इस साल के अंत तक कारोबारी समझौता करने पर प्रतिबद्ध हैं। इससे इन संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली साबित हो रही है।

पीएम मोदी से वार्ता के बाद कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की वार्ता को जल्द से जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इस फोन वार्ता के दौरान मोदी की दिसंबर में कनाडा यात्रा को भी लेकर निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति बनी।

दिसंबर में कनाडा की यात्रा पर जा सकते हैं पीएम मोदी

मोदी की यह यात्रा अमेरिका में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से पहले हो सकती है। हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और कार्नी के सलाहकार डेविड मॉरिसन के बीच वार्ता हुई थी। इसमें सुरक्षा संबंधों को नई मजबूती देने की सहमति बनी है।

कनाडा की विदेश मंत्री ने जयशंकर से की मुलाकात

इसी क्रम में कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद मंगलवार रात को नई दिल्ली पहुंचीं। उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात बुधवार दोपहर को हुई। यह दोनों मंत्रियों के बीच सितंबर 2025 के बाद की 11वीं बैठक होगी, जो संबंधों में निरंतर उच्चस्तरीय संवाद को दर्शाती है।

जयशंकर ने बताया है कि, “हमने व्यापार और निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, रक्षा तथा जन-जन संबंधों के क्षेत्रों में हमारे संबंधों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। अपने नेतृत्व के मार्गदर्शन और सरकार तथा उद्योग के स्तर पर निरंतर सहयोग के बल पर हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।”

पीयूष गोयल से मिले कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री

एक दिन पहले कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिधू ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से वार्ता की। बताते चलें कि सिधू के साथ लगभग 300 सदस्यों वाला एक बड़ा टीम कनाडा व्यापार मिशन भी आया हुआ है। यह पिछले 30 वर्षों में भारत में आया हुआ सबसे बड़ा कनाडाई व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल है। दोनों देशों के वाणिज्य मंत्री सीईपीए वार्ता को गति दे रहे हैं। हाल ही में ओटावा में सीईपीए की पांचवीं दौर की वार्ता हुई है।

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने बुधवार को कनाडाई अरबपित प्रेम वत्सा की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की सहायक कंपनी को आईडीबीआई बैंक की 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी 52,878 करोड़ रुपये (लगभग 5.6 अरब डॉलर) में बेचने की मंजूरी दी। यह भारत के वित्तीय क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा एफडीआई सौदा होगा।

गणतंत्र दिवस पर पीएम कार्नी हो सकते हैं मुख्य अतिथि 

राजनयिक हलकों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि भारत 26 जनवरी 2027 के गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री कार्नी को मुख्य अतिथि बनाने पर विचार कर रहा है। मोदी की कनाडा यात्रा के दौरान सीईपीए की घोषणा संभव है।

पिछले वर्षों में पूर्व पीएम जस्टिन ट्रुडो की नीतियों की वजह से भारत व कनाडा के संबंध काफी खराब हो गये थे। खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर ट्रुडो सरकार ने भारत पर आरोप लगाये थे। जबकि इस बारे में कोई सबूत नहीं दिया गया। दोनों देशों ने एक दूसरे के उच्चायुक्तों को निष्कासित कर दिया था।