अगले साल नौसैनिक सैन्य अभ्यास 'मिलन 2020' की मेजबानी करेगा भारत
क्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने कहा कि सरकार हिंद महासागर सहित अन्य इलाके के मित्र देशों के साथ सहयोग का संबंध बनाए रखती है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत अगले साल नौसैनिकों के सैन्य अभ्यास 'मिलन 2020' की मेजबानी करेगा, जिसमें कई देश शामिल होंगे। रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया, अफ्रीका और यूरोप के ऐसे 41 देशों को इसमें आमंत्रित किया गया है, जिनके साथ भारत के सैन्य संबंध हैं।
नाइक ने कहा कि सरकार हिंद महासागर सहित अन्य इलाके के मित्र देशों के साथ सहयोग का संबंध बनाए रखती है। जिन क्षेत्रों में सहयोग किया जाता है, उनमें क्षमता निर्माण, समुद्री क्षेत्र में जागरूकता, प्रशिक्षण, तकनीक, जल सर्वेक्षण और परिचालन अभ्यास आदि शामिल हैं।
जिन देशों को सैन्य अभ्यास के लिए निमंत्रण भेजा गया है, उनमें इंडोनेशिया, फ्रांस, मोजांबिक, सूडान, इजरायल, कतर, थाईलैंड, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, सोमालिया, केन्या, मिस्र, श्रीलंका, वियतनाम, म्यांमार, न्यूजीलैंड, अमेरिका, तंजानिया, मालदीव, ब्रुनेई, फिलीपींस, जापान, यूनाइटेड किंग्डम, सऊदी अरब, ओमान, कंबोडिया, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, रूस, जिबूती और बहरीन आदि शामिल हैं।