ललित मोदी और उनकी पत्नी पर कसेगा शिकंजा, भारत ने स्विस बैंक खातों का मांगा ब्योरा
Money Laundering Case ललित और मीनल मोदी को जवाब देने वाले आधिकारिक व्यक्तियों की जानकारी देने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। विदेश में जमा कालाधन का पता लगाने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। भारत सरकार के आग्रह के बाद स्विट्जरलैंड ने आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी और उनकी पत्नी मीनल को पब्लिक नोटिस भेजा है। गैरकानूनी तरीक से पैसे की हेराफेरी का पता लगाने के लिए हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत स्विट्जरलैंड के फेडरल टैक्स ऐडमिनिस्ट्रेशन (FTA) ने ललित मोदी और और मीनल मोदी का नाम दिया है। हाल के महीनों में भारत के अनुरोध पर कई लोगों के बारे में जानकारी मांगी जा चुकी है।
2010 से लंदन में रह रहे ललित मोदी पर पहले से ही मनी लांड्रिंग की जांच चल रही है हालांकि वह इससे इन्कार करते रहे हैं। एक अक्टूबर को जारी नोटिस में ज्यादा डीटेल नहीं दी गई है। इसमें ललित और मीनल मोदी को जवाब देने वाले आधिकारिक व्यक्तियों की जानकारी देने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।
2016 में जारी हो चुका है नोटिस
इससे पहले भी स्विट्जरलैंड 2016 में ऐसा ही नोटिस जारी कर चुका है। लेकिन यह पता नहीं लगा कि स्विट्जरलैंड ने भारत के साथा ज्यादा जानकारी साझा की थी या नहीं। हालांकि इन दोनों को सुनवाई का अधिकार दिया गया था। हाल ही में एफटीए ने भारत सरकार को कई ऐसे लोगों की जानकारी दी है जिनपर कर संबंधित मामलों की जांच चल रही है।
अंतरराष्ट्रीय दबाव में है स्विट्जरलैंड
लंबे समय से स्विट्जरलैंड टैक्स हैवन के रूप में जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय दबाव में स्विट्जरलैंड ने कुछ देशों के साथ जानकारी साझा करने का समझौता किया है। स्विस कानून के मुताबिक, कोई भी जानकारी साझा करने के लिए एक प्रक्रिया है। अब दोनों देशों के बीच ऑटोमैटिक इन्फॉर्मेशन एक्सचेंज मकैनिजम के चलते भारत के पास भारतीयों के स्विस अकाउंट्स की जानकारी है। इनमें वे अकाउंट भी शामिल हैं जो 2018 में बंद कर दिए गए हैं।