भारतीय-रूसी विमान के क्रू सदस्यों को वीजा फ्री इंट्री
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों ने इस संबंध में सहमति पर हस्ताक्षर किए हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत और रूस ने नि:शुल्क वीजा प्रवेश को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत दोनों देशों के बीच संचालित की जाने वाली चार्टर्ड और निर्धारित फ्लाइट के क्रू सदस्यों के लिए नि:शुल्क वीजा प्रवेश पर आम घोषणा की गई है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों ने इस संबंध में सहमति पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके मुताबिक, विमानन कंपनी के क्रू सदस्यों को परस्पर दोनों देशों में नि:शुल्क वीजा प्रवेश, ठहरने और प्रस्थान की आजादी दी गई है।
इसमें निर्दिष्ट एयरलाइंस के साथ चार्टर्ड और विशेष फ्लाइट्स का संचालन करने वाली संबंधित देशों की अन्य विमानन कंपनियों के चालक दल के सदस्यों को पारस्परिक आधार पर यह सुविधा दी गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हर साल भारत और रूस के बीच करीब 1,200 उड़ानें संचालित की जाती हैं। इसके अलावा रूस की तकरीबन 1,100 चार्टर्ड उड़ानें प्रत्येक वर्ष भारत पहुंचती हैं। इनमें से अधिकतर रूसी पर्यटकों वाली उड़ानें होती हैं, जो गोवा में लैंड करती हैं।
यह भी पढ़ें: सुषमा स्वराज की मदद से 33 पाकिस्तानी बच्चों को मिला वीजा