पासपोर्ट जारी करने में भारत तीसरे स्थान पर
पासपोर्ट जारी करने वाले देशों में इस वर्ष चीन और अमेरिका के बाद भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ष एक करोड़ 20 लाख पासपोर्ट जारी किए गए हैं। यह जानकारी गुरुवार को विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने दी।
अगरतला। पासपोर्ट जारी करने वाले देशों में इस वर्ष चीन और अमेरिका के बाद भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ष एक करोड़ 20 लाख पासपोर्ट जारी किए गए हैं। यह जानकारी गुरुवार को विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने दी।
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव मुक्तेश कुमार परदेशी ने कहा, "नागरिकों को पासपोर्ट जारी करने के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है। शीर्ष स्थान पर चीन और उसके बाद अमेरिका आया है। मौजूदा वित्त वर्ष में एक करोड़ 20 लाख पासपोर्ट या तो जारी हो चुके हैं या फिर जारी होने वाले हैं। पिछले वित्त वर्ष में एक करोड़ पासपोर्ट जारी किए गए थे। पांच वर्ष पहले यह संख्या केवल 16 लाख ही थी।"
अधिकारी के मुताबिक, चीन ने करीब एक करोड़ 60 लाख पासपोर्ट जारी किए, जबकि अमेरिका ने एक करोड़ 40 लाख पासपोर्ट जारी किए। परदेशी ने कहा, "अगले वित्त वर्ष में 20 फीसदी ज्यादा पासपोर्ट जारी करने का लक्ष्य है। पासपोर्ट जारी करने के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंचना है।"
परदेशी मुख्य पासपोर्ट अधिकारी हैं। वह यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में आए हुए थे। त्रिपुरा के वित्त एवं सूचना मंत्री भानुलाल साहा ने पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।