Move to Jagran APP

मरीजों के स्वस्थ होने के मामले में भारत शीर्ष पर, अब तक 51 लाख से अधिक लोग संक्रमण से उबरे

देश में अब तक करीब 52 लाख लोग कोरोना को मात दे चुके हैं और स्वस्थ होने की दर भी 83 फीसद से अधिक हो गई है। हालांकि मृतकों का आंकड़ा भी 97 हजार से अधिक हो गया है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Tue, 29 Sep 2020 09:58 PM (IST)Updated: Tue, 29 Sep 2020 10:17 PM (IST)
मरीजों के स्वस्थ होने के मामले में भारत शीर्ष पर, अब तक 51 लाख से अधिक लोग संक्रमण से उबरे
देश में कोरोना की जांच बढ़ी है पर नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है।

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत लगातार अपनी स्थिति बेहतर कर रहा है। लगातार नए मामलों से अधिक संख्या में कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं। सबसे अधिक ठीक हुए कोरोना के मरीजों के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर पहुंच गया है। सबसे सकारात्मक बात यह है कि कोरोना का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ रहा है, लेकिन नए मामले लगातार कम हो रहे हैं। अब तक करीब 52 लाख लोग कोरोना को मात दे चुके हैं और स्वस्थ होने की दर भी 83 फीसद से अधिक हो गई है। हालांकि, मृतकों का आंकड़ा भी 97 हजार से अधिक हो गया है।

loksabha election banner

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कहा कि भारत में एक लाख से 10 लाख मरीजों के स्वस्थ होने में 57 दिन लगे थे, लेकिन आखिरी के 10 लाख मरीज यानी 40 से 50 लाख मरीजों के स्वस्थ होने में मात्र 11 दिन ही लगे। यह एक महत्वपूर्ण तथ्य है। यह एक बड़ी तस्वीर है। सक्रिय मामले भी कुल मामलों के 15 फीसद रह गए हैं। 15 सितंबर से सक्रिय मामलों में भी लगातार गिरावट आ रही है। वर्तमान में 9.41 लाख सक्रिय मामले रह गए हैं। दुनिया के कई ऐसे देश हैं जहां प्रति 10 की आबादी पर 20 हजार मामले हैं, लेकिन भारत में यह संख्या 4,453 है। भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर 70 लोगों की मौत हुई है, ब्राजील में यह संख्या पांच गुना ज्यादा है।

समाचार एजेंसियों की तरफ से मंगलवार रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक सोमवार देर रात से अब तक कुल 82,473 नए मामले मिले हैं, 85,481 मरीज ठीक हुए हैं और 1,167 मरीजों की मौत हुई है। नए मरीजों से ज्यादा मरीजों के ठीक होने का सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 62 लाख 13 हजार को पार कर गई है। अब तक 51 लाख 74 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं और 97,411 लोगों की जान भी जा चुकी है। मंगलवार को भी महाराष्ट्र में सबसे अधिक 430, उत्तर प्रदेश में 63, आंध्र प्रदेश में 35, ओडिशा में 15 और तेलंगाना में नौ लोगों की जान गई।

महाराष्ट्र में हालात सुधरने के संकेत

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण से हालात सुधरने के संकेत मिल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में लागातार नए मामलों से अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। राज्य में 14,76 नए मामले मिले हैं और 19,12 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक 13.66 लाख संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें से 10.69 लाख ठीक भी हो गए हैं। 36,181 लोगों की अब तक जान जा चुकी है।

उत्तर प्रदेश-दक्षिण भारत में भी घटे नए केस

उत्तर प्रदेश समेत दक्षिण भारत के राज्यों में भी नए मामलों में कमी आ रही है। उत्तर प्रदेश में 4,069 नए मामलों के साथ कुल 3.84 लाख केस मिल चुके हैं। आंध्र प्रदेश में 6,190 नए मामलों के साथ 6.87 लाख, तेलंगाना में 2,072 नए केस के साथ 1.89 लाख और ओडिशा में 3,067 नए केस के साथ 2.15 लाख संक्रमित अब तक पाए जा चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.