6G, AI और स्वदेशी नेटवर्क पर कंपनियों का जोर... IMC 2026 में दिखेगा भारत का नया डिजिटल अवतार
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में 6G, AI और स्वदेशी तकनीक पर कंपनियों का जोर दिख रहा है, जो भारत के डिजिटल भविष्य को आकार दे रहा है।

कंपनियां 6G, AI और स्वदेशी तकनीक पर विशेष ध्यान दे रही हैं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत की इकोनॉमी लगातार 7-7.5 फीसद की रफ्तार से आगे बढ़ रही है, इसकी रंगत शेयर बाजार में नहीं दिख रही लेकिन इंडियन मोबाइल कांग्रेस में ऐसा जरूर दिख रहा है।
तभी एलन मस्क की कंपनी जल्द से जल्द यहां सैटेलाइट फोन सेवा देने की शुरुआत करना चाहती है, एरिक्सन जल्द ही पहली भारत निर्मित टावरों का निर्यात यूरोप को करने जा रही है, रिलायंस जियो गली-मोहल्लों के दुकानदारों को उन्नत आन लाइन कंपनियों जैसी प्रौद्योगिकी से सुसज्जित करना चाहती है।

6G, AI और स्वदेशी तकनीक पर विशेष जोर
एशिया के बड़े डिजिटल मंचों में गिने जाने वाले इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) का शुभारंभ आज यशोभूमि में शुरू हुआ। इस आयोजन का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को करेंगे।
दूरसंचार विभाग और सीओएआई के संयुक्त आयोजन में 100 से अधिक देशों के 1.5 लाख से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक पार्टनर और 600 से अधिक स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं।
पहले दिन इस आयोजन में जिस तरह की प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन किया गया है उससे साफ है कि मोबाइल कंपनियां अब सिर्फ टावर और स्पेक्ट्रम से आगे बढ़ते हुए एआइ, 6जी और 5जी और स्वदेशी प्रौद्योगिकी पर खास तौर पर जोर देने जा रही हैं।

‘स्मार्ट शॉप’ से छोटे दुकानदारों तकनीक से जुड़ेंगे
इस कड़ी में रिलायंस समूह की कंपनी जियो ने ‘स्मार्ट शॉप’ के जरिए गली-मोहल्ले के छोटे दुकानदारों को एक बेहद प्रौद्योगिकी तौर पर उन्नत रिटेल स्टोर के समकक्ष लाने का दावा किया है। अक्सर ग्राहक दुकान पर आकर चला जाता है और दुकानदार के पास उससे दोबारा जुड़ने का आसान तरीका नहीं होता।
इस सिस्टम में दुकानदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हैप्टिक सोलो की मदद से इंस्टाग्राम पर कैटलाग व पोस्ट बनाकर अपने आसपास के इलाके के ग्राहकों तक पहुंच सकता है और जस्टडायल जैसे प्लेटफार्म पर दिखे लोगों को दुकान तक बुला सकता है।
दुकान पर आने के बाद ग्राहक क्यूआर कोड स्कैन कर वाई-फाई से जुड़ सकता है। दुकानदार भी उससे डिजिटल रूप से जुड़ा रहता है। डैशबोर्ड बताता है कि ग्राहक कब और किस आउटलेट पर आया, कितनी देर रुका और पहली बार आया है या दोबारा।

6जी को लेकर क्या है अपडेट?
आईएमसी-2026 के पहले दिन स्वीडिश टेलीकॉम उपकरण निर्माता एरिक्सन भारत में बताया है कि वह पहली बार भारत निर्मित एंटीना यूरोप को निर्यात करने जा रही है। कंपनी इस बात से उत्साहित है कि भारत में जिस तेज से 5जी की तैनाती हुई है उससे अब यहां 6जी को लेकर ज्यादा संभावनाएं बन गई हैं।
वैश्विक कंपनियां इस बात से भी प्रभावित हैं कि भारत की 95 फीसद आबादी 5जी बैंड के कवरेज में है। यह प्रौद्योगिकी को जन-जन तक पहुंचाने में काफी मददगार साबित होने वाला है।
AI करेगा आपकी भाषा में बात
वोडाफोन आइएमसी- 2026 में अपनी ऐसी तकनीक दिखा रहा है जिसे जरिए ग्राहक की पसंसीदा भाषा में एआई बात कर सकती है ताकि काल व रोजमर्रा के काम आसान हो सकें और ऐप खोलने की जरूरत कम पड़े। इसका इस्तेमाल खनन क्षेत्र में ज्यादा उपयोगी होगा क्योंकि यह पूरी प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित व कुशल बनाने की क्षमता रखती है।
एलन मस्क की सैटेलाइट संचार कंपनी स्टारलिंक भारत के साथ काम करने के लिए तैयार है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार, 7 अक्टूबर को कहा कि सेवाएं शुरू करने के लिए वे केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में नई दिल्ली में स्टारलिंक की बिजनेस ऑपरेशंस उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर ने कहा कि भारतीय सुरक्षा जरूरतों और अन्य नियमों को ध्यान में रखकर कंपनी ने अपने स्टारलिंक परिचालन खास तौर पर भारत के लिए बनाए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय उपयोगकर्ताओं का डाटा भारत के भीतर ही रखा जाएगा।
