विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तर भारत में भारी बारिश के साथ कड़ाके की ठंड का अलर्ट, यहां जानिए अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Published: Wed, 01 Jan 2025 06:35 PM (IST)Updated: Wed, 01 Jan 2025 07:09 PM (IST)

उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया गया है। राजस्थान और ...और पढ़ें

Weather News Update: उत्तर भारत में भीषण ठंड का अलर्ट। ( सभी फोटो- एएनआई )
Weather News Update: उत्तर भारत में भीषण ठंड का अलर्ट। ( सभी फोटो- एएनआई )

HighLights

  1. तमिलनाडु में भारी बारिश का जारी किया गया अलर्ट।
  2. उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और भीषण ठंड की चेतावनी।
  3. इराक व अफगानिस्तान में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ।

पीटीआई/डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में अभी लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ स्थानों में अगले 2 दिनों के दौरान घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में एक और दो जनवरी को कोल्ड-डे और सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी के मुताबिक पूर्वी, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर जनवरी में देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है।

अफगानिस्तान में बना पश्चिमी विक्षोभ

पिछले 24 घंटे में हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में बेहद घना कोहरा पड़ा। उधर, पश्चिमी विक्षोभ अभी अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इसकी वजह से पांच और छह जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी भागों में बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक जनवरी को हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में सीवियर कोल्ड डे की संभावना है। पंजाब और पश्चिम मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी।

इन राज्यों में अलर्ट जारी

एक जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोतर के राज्यों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट

दो जनवरी को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में घना कोहरे पड़ने की संभावना है। तीन जनवरी को असम, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा पड़ सकता है।

4 जनवरी को नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। 5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में गरज-चमक का अलर्ट है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा तापमान?

  • अगले पांच दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
  • पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई अहम बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।
  • महाराष्ट्र में आने वाले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है।
  • मध्य भारत और गुजरात में अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

जनवरी से मार्च के बीच सामान्य होगी बारिश

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीप के मध्य भागों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि मध्य भारत के पश्चिमी और उत्तरी भागों में जनवरी के दौरान सामान्य से अधिक शीत लहर वाले दिनों की संभावना है। जनवरी से मार्च के बीच उत्तर भारत में बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है।

1901 के बाद 2024 सबसे गर्म वर्ष

1901 के बाद साल 2024 देश में सबसे गर्म वर्ष रहा है। इसमें औसत न्यूनतम तापमान दीर्घावधि औसत से 0.90 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि 2024 में भारत भर में वार्षिक औसत भूमि सतह वायु तापमान दीर्घावधि औसत (1991-2020 अवधि) से 0.65 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वर्ष 2024 अब 1901 के बाद से सबसे गर्म वर्ष बन गया है। इससे पहले 2016 सबसे गर्म वर्ष था।

यह भी पढ़ें: मंदिर-मस्जिद विवाद पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे ओवैसी, शीर्ष अदालत से की बड़ी मांग; कल होगी सुनवाई

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार का नए साल पर किसानों को तोहफा, DAP के लिए स्पेशल सब्सिडी का एलान; क्या अब सस्ती होगी खाद?