दुश्मन देश में सांसत, जून से फंसा है चीनी बंदरगाह पर भारतीय जहाज 'जग आनंद', 23 क्रू मेंबर्स की स्थिति चिंताजनक
भारतीय जहाज जग आनंद बीते जून महीने से ही चीन के जिंगटैंक बंदरगाह में फंसा है जिसके चलते उसमें चालक दल के सदस्य 23 भारतीय नागरिक स्वदेश नहीं लौट पा रहे हैं। इन भारतीयों को स्वदेश लौटने के लिए तुरंत मदद की जरूरत हैं...
नई दिल्ली, एएनआइ! भारतीय मर्चेट नेवी का एक जहाज 'जग आनंद' विगत जून से उत्तरी चीन के जिंगटैंक बंदरगाह में फंसा हुआ है। यह मुंबई की एक कंपनी 'ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग लिमिटेड' का व्यापारिक जहाज है जिसमें मौजूद चालक दल के भारतीय सदस्यों को स्वदेश लौटने के लिए भारत सरकार की मदद की जरूरत है।
सूत्रों के अनुसार जहाज में फंसे 23 भारतीय नागरिक चालक दल के सदस्य हैं और पिछले छह महीनों से बेहद खराब परिस्थितियों में जीने को मजबूर हैं। चालक दल के कई सदस्यों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं और हरेक दिन गुजरने के साथ उनके पास दवाइयां भी खत्म होती जा रही हैं। नाम न बताने की शर्त पर चालक दल के सदस्यों ने अपनी जटिल और कठिन परिस्थितियों का ब्योरा दिया है।
इनमें से कई सदस्यों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हाइपर टेंशन की शिकायत है और कुछ लोगों को यात्रा के दौरान चोटें भी आई हैं। जहाज के चालक दल के सदस्यों के परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस.जयशंकर को उनके हालात और उन्हें तत्काल राहत दिए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए पत्र भी लिखा है। पत्र में कहा गया है कि चीन के साथ कूटनीतिक रिश्ते बिगड़ने के चलते 13 जून से यह जहाज चीनी बंदरगाह पर खड़ा है।
संबंधित मालवाहक जहाज को कस्टम अथारिटी ने क्लीयरेंस नहीं दिया है। मौजूदा समय में अधिकांश सदस्यों के अनुबंध भी खत्म हो चुके हैं। कंपनी के कूटनीतिक जरिये से कई प्रयास करने के बावजूद इस समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया है। यह लोग जहाज पर वह एक साल से भी ज्यादा समय से हैं। इनमें से कुछ भारतीय चालक तो 15 महीने से जहाज पर हैं। इसके चलते उनकी शारीरिक ही नहीं मानसिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है।