विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मिसाइल या ड्रोन हमलों का वीडियो न बनाएं', भारत ने सऊदी अरब में रह रहे नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:56 PM (IST)

भारत ने यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों के मद्देनजर सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी ...और पढ़ें

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी (फाइल फोट- रॉयटर्स)

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी (फाइल फोट- रॉयटर्स)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा जारी हमलों के बीच भारत सरकार ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को सऊदी अरब में रहने वाले अपने नागरिकों को स्थानीय नियमों का पालन करने और मिसाइल या ड्रोन हमलों से जुड़े वीडियो, तस्वीरें व सूचनाएं सोशल मीडिया पर साझा न करने की हिदायत दी है।

सऊदी नागरिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा जारी अधिसूचना को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय दूतावास ने कहा, 'सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय समुदाय से अनुरोध है कि वे स्थानीय नियमों और कानूनों का पूरी तरह पालन करें।'

वीडियो बनाकर वायरल करना अपराध

दरअसल, अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मिसाइल या ड्रोन हमलों, उनके रोके जाने (इंटरसेप्शन) की कार्रवाई या प्रभावित स्थलों से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी, फोटो या वीडियो बनाना, वायरल करना और साझा करना कानूनी अपराध है। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

कब तक बंद रहेंगी उड़ानें?

दूतावास ने उड़ानों के रद होने और बदले शेड्यूल की जानकारी देते हुए बताया कि एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद व दम्माम से आने-जाने वाली सेवाएं 7 नवंबर तक निलंबित रहेंगी, जबकि जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दी गई हैं।

इस बीच, जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में संचालित 24x7 नियंत्रण कक्ष प्रभावित भारतीय नागरिकों को भोजन, जरूरी दवाएं और आपातकालीन सुविधाएं पहुंचाने में जुटे हैं।

इसके साथ ही उड़ानों के निलंबन के चलते वीजा वैधता और प्रस्थान में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए वाणिज्य दूतावास सऊदी अरब के हज व उमराह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।

इस बीच, गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट रविवार से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर से शुरू करने की तैयारी में जुटा हुआ है।

रिपोर्ट में सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के हवाले से बताया गया है कि हूती विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया।