Move to Jagran APP

भारत में परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा, जानें किस देश के पास हैं कितने हथियार

स्वीडन के थिंक टैंक सिपरी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत के परमाणु हथियारों के जखीरे में पिछले साल इजाफा हुआ है। पिछले साल भारत ने 10 और हथियार जोड़े हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Mon, 15 Jun 2020 08:32 PM (IST)Updated: Tue, 16 Jun 2020 02:25 PM (IST)
भारत में परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा, जानें किस देश के पास हैं कितने हथियार
भारत में परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा, जानें किस देश के पास हैं कितने हथियार

लंदन, पीटीआइ। भारत के परमाणु हथियारों के जखीरे में पिछले साल 10 और हथियार जुड़े हैं। स्वीडन के थिंक टैंक सिपरी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 की शुरुआत में भारत के पास 150 परमाणु हथियार थे। सालभर पहले यानी 2019 की शुरुआत में यह संख्या 130 से 140 तक बताई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा हथियार हैं। हालांकि उसके जखीरे में पिछले साल कोई वृद्धि नहीं हुई। 2019 की शुरुआत में उसके पास 150 से 160 परमाणु हथियार होने की जानकारी दी गई थी। 2020 की शुरुआत में भी इनकी संख्या 160 ही रही।

loksabha election banner

दुनिया में कुल नौ देश अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन, भारत, पाकिस्तान, इजरायल और उत्तर कोरिया परमाणु शक्ति संपन्न हैं। इनके कुल परमाणु हथियारों की संख्या 13,400 है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) ने रिपोर्ट में बताया कि 2019 में भारत और चीन दोनों के परमाणु हथियारों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। ताजा रिपोर्ट के अनुसार जनवरी, 2020 में चीन के पास 320 परमाणु हथियार थे। 2019 में इनकी संख्या 290 थी। रिपोर्ट में बताया गया कि चीन अपने हथियारों को उन्नत बनाने के काम में लगा है।

चीन न्यूक्लियर ट्रायड विकसित करने में लगा है। यह ऐसी सैन्य व्यवस्था है, जिसमें जमीन, पानी और हवा तीनों से परमाणु हथियार चलाए जा सकते हैं। सिपरी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान बहुत धीरे-धीरे अपना परमाणु जखीरा बढ़ा रहे हैं। वहीं उत्तर कोरिया परमाणु कार्यक्रम को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के अहम घटक की तरह लेकर आगे बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के पास सबसे ज्यादा 6,375 परमाणु हथियार हैं। वहीं अमेरिका के पास 5,800 परमाणु हथियारों का जखीरा है। फ्रांस के पास 290 और ब्रिटेन के पास 215 परमाणु हथियार हैं।

सिपरी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दुनियाभर में पिछले साल परमाणु हथियारों की कुल संख्या में कमी आई है। 2019 में यह जखीरा 13,865 हथियारों का था, जो 2020 में 13,400 हो गया। यह कमी मुख्य रूप से अमेरिका और रूस द्वारा पुराने व बेकार हो चुके परमाणु हथियारों को नष्ट करने की वजह से आई है। अभी भी इन दोनों देशों के पास दुनिया के कुल परमाणु जखीरे का 90 फीसद है। सिपरी ने कहा कि कुल परमाणु हथियारों की संख्या भले ही कुछ कम हुई है, लेकिन परमाणु शक्ति संपन्न सभी देश अपने हथियारों को ज्यादा से ज्यादा उन्नत बनाने में लगे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने 1,750 परमाणु हथियारों को विभिन्न मिसाइलों के साथ तैनात किया हुआ है, जबकि 4,050 हथियार ऐसे हैं, जो रिजर्व के तौर पर रखे हैं या पुराने हो चुके हैं। रूस ने 1,570 हथियार, फ्रांस ने 280 और ब्रिटेन ने 120 हथियार तैनात किए हुए हैं। अन्य किसी देश ने अपने परमाणु हथियार सैन्य मोर्चे पर तैनात नहीं किए हुए हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.