मछुआरों को हिरासत में लिए जाने पर भारत ने जताई चिंता, श्रीलंकाई सरकार के समक्ष उठाया गया मुद्दा
भारत ने मंगलवार को श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु के अपने 68 मछुआरों को हिरासत में लिए जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी जल्दी रिहाई का मुद्दा कोलंबो में भारतीय मिशन द्वारा उठाया गया है ।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत ने मंगलवार को श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु के अपने 68 मछुआरों को हिरासत में लिए जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी 'जल्दी रिहाई' का मुद्दा कोलंबो में भारतीय मिशन द्वारा उठाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने इन मछुआरों और उनकी नौकाओं की 'जल्दी रिहाई' का मुद्दा श्रीलंका सरकार के साथ उठाया है। उन्होंने कहा कि हम 18 से 20 दिसंबर के बीच श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु से भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने से चिंतित हैं। हमारी जानकारी के अनुसार, 68 मछुआरों और 10 नौकाओं को हिरासत में लिया गया है।
बागची ने कहा कि जाफना में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए मछुआरों से मुलाकात की है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। इसमें कपड़े, प्रसाधन सामग्री, नाश्ता, सूखी आवश्यक वस्तुएं और मास्क शामिल हैं। इसके अलावा रिश्तेदारों को फोन करने की सुविधा भी है। वे कानूनी प्रतिनिधित्व की भी व्यवस्था कर रहे हैं।बागची भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
We are concerned about the detention of Indian fishermen from Tamil Nadu by Sri Lankan authorities between 18-20 December 2021. As per our information, 68 fishermen and 10 boats have been taken into custody: MEA Spokesperson Arindam Bagchi
(file pic) pic.twitter.com/CY4EhclO7z— ANI (@ANI) December 21, 2021
बागची ने इसे लेकर आगे कहा कि एक मछुआरे के अस्वस्थ होने के मामले में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ने उसके कल्याण की जांच के लिए अस्पताल में उसका दौरा किया है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर के सामने इस मुद्दे को विभिन्न राजनीतिक दलों ने उठाया है। बागची ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने भी उनसे इस मामले को लेकर बातचीत की थी। उन्होंने उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है और भारत सरकार के जल्द रिहाई के प्रयासों को रेखांकित किया है।