ट्रंप के 100 प्रतिशत टैरिफ के लिए भारत का प्लान B एक्टिव, अब इस देश से जमकर खरीदेंगे क्रूड ऑयल
अमेरिका के संभावित टैरिफ और पश्चिम एशिया में बढ़ते जोखिम के बीच भारत कच्चे तेल के नए स्रोतों की तलाश ...और पढ़ें

अमेरिका की टैरिफ के बीच भारत ने बदली रणनीति

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका के 100 फीसद तक टैरिफ वाले कानून और पश्चिम एशिया में आपूर्ति मार्गों को लेकर बढ़ते जोखिम के बीच भारत कच्चे तेल के नए स्रोतों से खरीद तेज कर रहा है। इसी कड़ी में वेनेजुएला भारत के आयात बास्केट में एक बड़ा आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को न्यूयार्क में वेनेजुएला के विदेश मंत्री फेलिक्स प्लासेंशिया गोंजालेज से मुलाकात की और ऊर्जा सहयोग पर बात की।जयशंकर ने मुलाकात के बाद कहा कि दोनों देशों के ऊर्जा संबंध रफ्तार पकड़ रहे हैं। द्विपक्षीय सहयोग के अन्य क्षेत्रों और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
जानकारों का कहना है कि वेनेजुएला में अमेरिका की तरफ किये गये सत्ता परिवर्तन के बाद से ही भारत ने वहां से तेल की खरीद शुरू कर दी थी लेकिन अब उसे और बढ़ाने की बात हो रही है।
दोनों पक्षों ने कोई नया आपूर्ति अनुबंध की घोषणा नहीं की है लेकिन दक्षिणी अमेरिकी देश ने भारत को बताया है कि वह मांग के मुताबिक तेल आपूर्ति बढ़ाने को तैयार है।
वेनेजुएला के अलावा भारतीय रिफाइनरियों के अधिकारी ब्राजील, मैक्सिको, कोलंबिया और इक्वाडोर से भी तेल आपूर्ति बढ़ाने को लेकर बात कर रहे हैं। ब्राजील के अलावा दक्षिण अमेरिका के अन्य देशों से भारत कम मात्रा में तेल खरीदता रहा है लेकिन अब इनसे खरीद बढ़ाने का विकल्प सही दिख रहा है।
घाना, अल्जीरिया, अंगोला जैसे छोटे आपूर्तिकर्ता भी आने वाले समय में आपूर्ति बढ़ा सकते हैं। इनसे भी बात की जा रही है। हालांकि ताजी जानकारी मिलने तक रूस अभी भी भारत को क्रूड की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा देश बना हुआ है।
भारतीय अधिकारी अभी यह मान रहे हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शायद ही भारत पर रूस से तेल खरीदने की स्थिति में जुर्माना लगाने वाले कानून पर जमीनी तौर पर लागू करें लेकिन ऊर्जा सुरक्षा को देखते हुए सारे विकल्पों को लेकर आगे बढ़ा जा रहा है।
तेल टैंकरों व वाणिज्यिक जहाजों के आवागमन पर रिपोर्ट देने वाली एजेंसी कैप्लर का डाटा बताता है कि कुछ महीनों में ही वेनेजुएला से भारत को तेल आपूर्ति 2.8 लाख से बढ़कर 4 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच चुका है। भारत की सरकारी व निजी तेल रिफाइनरियां वहां से क्रूड ले रही हैं।
भारतीय रिफाइनरियां वेनेजुएला के हेवी क्रूड को संसाधित करने में सक्षम हैं। वेनेजुएला के पास विश्व का सबसे बड़ा कच्चा तेल भंडार है।
