कोरोना वैक्सीन का उत्पादन बढ़ाएगा भारत, क्वाड देशों की मदद से चीन को देगा मात
एक अनुमान के अनुसार चीन ने पूरी दुनिया में 46.3 करोड़ वैक्सीन खुराक की आपूर्ति की रूपरेखा बनाई है। इसे वह आने वाले कुछ महीनों में अंजाम दे देगा। लेकिन दुनिया में वैक्सीन का सबसे बड़ा निर्माता भारत चीन की इस योजना की हवा निकाल सकता है।
नई दिल्ली, रायटर। भारत ने क्वाड के अपने साथी देशों-अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया से कोविड से बचाव वाली वैक्सीन की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद मांगी है। सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने चीन से मुकाबले के लिए सहयोगी देशों से यह मदद मांगी है। भारत विकासशील और गरीब देशों को बड़े पैमाने पर वैक्सीन की आपूर्ति करना चाहता है। यह आपूर्ति सस्ती दर पर और मुफ्त हो सकती है। ऐसा कर भारत कोविड से बचाव में मदद के क्षेत्र में चीन को पीछे छोड़ देगा।
एक अनुमान के अनुसार चीन ने कुछ विकसित देशों को छोड़कर पूरी दुनिया में 46.3 करोड़ वैक्सीन खुराक की आपूर्ति की रूपरेखा बनाई है। इसे वह आने वाले कुछ महीनों में अंजाम दे देगा। लेकिन दुनिया में वैक्सीन का सबसे बड़ा निर्माता भारत चीन की इस योजना की हवा निकाल सकता है। वह अपनी क्षमता का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर वैक्सीन का उत्पादन कर अन्य देशों को जल्द आपूर्ति कर सकता है। लेकिन इसके लिए उसे ज्यादा धन की जरूरत होगी। लेकिन अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत की ओर से धन की ऐसी किसी मांग की पुष्टि नहीं की है। क्वाड चीन के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए बना रणनीतिक गठजोड़ है।