भारत-जापान का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास शुरू, चीन को होगी परेशानी
प्रशांत महासागर में भारत और जापान के इस संयुक्त युद्धाभ्यास से सबसे ज्यादा परेशानी चीन को होगी।
नई दिल्ली (पीटीआई)। भारत व जापान की नौसेना ने संयुक्त अभ्यास भारतीय समुद्र क्षेत्र में शुरू कर दिया। दोनों देशों की सेनाएं पनडुब्बी रोधी प्रणाली को विकसित करने पर काम कर रही हैं। प्रशांत महासागर में शुरू हुई कवायद से सबसे ज्यादा परेशानी चीन को होगी, क्योंकि चीन इस क्षेत्र में लगातार अपनी हरकतें बढ़ा रहा है।
गौरतलब है कि अमेरिका, जापान व भारत की नौसेना ने हाल ही में मालाबार युद्धाभ्यास में भागीदारी की थी। जापान के विदेश मंत्री तारो कॉनो ने हाल ही में कहा था कि भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया के साथ वह रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के इच्छुक हैं। नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने बताया कि भारत की तरफ से लंबी दूरी तक मार करने वाले दो पी-8 आइ पनडुब्बी रोधी विमान व जापान के पी-3सी ओरियन जेट युद्धाभ्यास में भाग लेंगे। जापान के विमान गोवा के हंसा स्टेशन पर रविवार को पहुंचे हैं।
रूस के साथ सैन्य अभ्यास खत्म
रूस के व्लादिवोस्तक में दस दिनों से चल रहा सैन्य अभ्यास रविवार को खत्म हो गया। आतंकी कार्रवाई से कैसे निपटा जाए, इसे लेकर दोनों देशों की तीनों सेनाएं 19 अक्टूबर से अभ्यास कर रही थीं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि समापन समारोह में दोनों देशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: अब अमेरिकी बैसाखियों पर खड़ा नहीं होगा जापान, कर लिया है ये बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें: लगातार पांचवीं बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले शिंजो एबी रच सकते हैं इतिहास