पाकिस्तान की जेल में बंद 546 भारतीय, जाधव के लिए राजनयिक मदद की मांग
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा 'भारत ने पाकिस्तान से फिर कुलभूषण जाधव और हामिद नेहाल अंसारी को राजनयिक मदद देने की मांग की है।'
नई दिल्ली, पीटीआई। पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव के लिए भारत ने एक बार फिर राजनयिक मदद की मांग की है। भारत ने पाक के सामने कुलभूषण जाधव को पूरी और तत्काल रूप से राजनयिक मदद देने की मांग की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा 'भारत ने पाकिस्तान से फिर कुलभूषण जाधव और हामिद नेहाल अंसारी को राजनयिक मदद देने की मांग की है।'
बता दें, पाकिस्तान की सरकार ने शनिवार को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त को भारतीय कैदियों की एक सूची सौंपी है। इस सूची के अनुसार, कम से कम 546 भारतीय नागरिक पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं, जिनमें करीब 500 मछुआरे हैं।
कुलभूषण जाधव की फांसी की सजा के खिलाफ भारत ने अंतरराष्ट्रीय अदालत में अपील की थी। अंतरराष्ट्रीय अदालत ने भारत की दलीलों के बाद कुलभूषण की फांसी पर रोक लगा दी थी। कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने जासूसी और आतंकी घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगाते हुए फांसी की सजा सुनाई है। वहीं, भारत कुलभूषण जाधव पर पाकिस्तान की दलीलों को झुठलाता आ रहा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने कुलभूषण जाधव पर जासूसी और आतंकवाद के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के लिए पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जाधव को फांसी की सजा सुनाई है।
पाकिस्तानी जेलों में 546 भारतीय
इस्लामाबाद, प्रेट्र। 546 भारतीय इस समय पाकिस्तान की जेलों में कैद हैं। इनमें मौत की सजा पाए पूर्व नौसैना अधिकारी कुलभूषण जाधव भी हैं। पाकिस्तान सरकार ने यह जानकारी शनिवार को भारतीय उच्चायुक्त गौतम बंबावले को दी। दोनों देशों की जेलों में बंद नागरिकों के बारे में सूचना देने का यह समझौता 2008 में हुआ था। सूचना का यह आदान-प्रदान साल में दो बार होता है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की सूचना के अनुसार कैद भारतीयों में 494 मछुआरे हैं, जो जल सीमा लांघकर पाकिस्तानी क्षेत्र में पहुंच गए थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। समुद्र में दृश्य सीमांकन न होने की वजह से मछली पकड़ने गए मछुआरे अनजाने में सीमा पार कर जाते हैं। इसके अतिरिक्त 52 भारतीय नागरिक हैं जो विभिन्न कारणों पाकिस्तानी जेलों में हैं। इससे पहले जनवरी में दी गई जानकारी के अनुसार कुल 351 भारतीय पाकिस्तानी जेलों में थे। इसमें 297 मछुआरे थे जिनमें ज्यादातर को बाद में रिहा कर दिया गया। भारत भी जल्द ही पाकिस्तानी कैदियों के बारे में पड़ोसी देश को सूचनाएं मुहैया कराएगा। उसके द्वारा भी समय-समय पर पाकिस्तानी मछुआरों को रिहा किया जाता है।
यह भी पढ़ें: कुलभूषण जाधव के जिंदा होने पर सस्पेंस, भारत ने जताई चिंता