INDI गठबंधन की दिल्ली में महारैली, जवाब में BJP निकालेगी पद यात्रा; अमित शाह करेंगे लीड
INDI गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर महारैली करेगा।

तेलंगाना में अमित शाह करेगी पदयात्रा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस 1 नवंबर को कांग्रेस और इंडी गठबंधन दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली करने जा रही है। इस रैली में एसआईआर रोकने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
वहीं बीजेपी ने कांग्रेस और अन्य दलों पर गलत धारणा फैलाने का आरोप लगाया है। INDI ब्लॉक के मुद्दों को काउंटर करने के लिए तेलंगाना में बीजेपी ने पदयात्रा निकालने का एलान किया है। इस पदयात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
रामलीला मैदान में कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी करते हुए घोषणा की है कि कांग्रेस 1 नवंबर को रामलीला मैदान में वोट बचाओ, देश बचाओ नाम से एक बड़ी रैली आयोजित करेगी।
खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की है और एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रोकने की भी मांग की है। खरगे ने कहा, भारतीय नागरिकों का वोट देने का संवैधानिक अधिकार खरते में है। इसके लिए पूरी तरह से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार है, उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारों पर काम किया है।
इसके अलावा महंगाई का मुद्दा उठाते हुए खरगे ने सरकार पर निशाना साधा। अपने संदेश में उन्होंने कहा, त्योहारों का मौसम है, लेकिन आप इस समय कमर तोड़ महंगाई से जूझ रहे हैं। वहीं सरकार को कोई परवाह नहीं है, उन्हें बस वोट चुराना आता है। बड़े पैमाने पर वोटों की चोरी हुई है, और यह अभी भी जारी है। मैं आपसे अपील करता हूं कि हमारे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस अभियान को सफल बनाने में मदद करें।
2 नवंबर को शाह की पदयात्रा
कांग्रेस के आरोपों के जवाब में बीजेपी ने भी मोर्चा खोल दिया है। तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को तेलंगाना में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होंगे।
पीटीआई के अनुसार, राव ने कहा, वे (कांग्रेस) राज्य और देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। इसलिए हम लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ थीम के साथ एक पदयात्रा आयोजित कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को इस पदयात्रा में शामिल होंगे।
कांग्रेस के दावे पर बीजेपी की चुनौती
SIR प्रक्रिया के दौरान 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने के कांग्रेस के आरोपों को राव ने खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि हटाए गए नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट श्रेणियों में आते हैं। राव के अनुसार, 2.8 करोड़ लोग मृत थे। 3 करोड़ लोग अनुपस्थित थे या बूथ-स्तरीय अधिकारियों (BLO) को जांच के दौरान नहीं मिले। 6.3 करोड़ लोग स्थायी रूप से किसी अन्य स्थान पर चले गए थे। लगभग 1 करोड़ नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे।
राव ने हैदराबाद के एक व्यक्ति का उदाहरण भी दिया जिसने खुद तीन अलग-अलग स्थानों पर अपना नाम दर्ज होने की बात स्वीकार की थी।
बीजेपी अध्यक्ष ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को चुनौती देते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री के पैतृक गांव कोंडारेड्डीपल्ले जाने को तैयार हैं, ताकि देखा जा सके कि वहां कितने असली मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन असली मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उनके पास उन्हें पुन: जुड़वाने का विकल्प मौजूद है।
खरगे पर बोला हमला, स्थानीय मुद्दों पर घेरा
राव ने पीएम मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस यह पचा नहीं पा रही है कि एक चायवाला देश का प्रधानमंत्री बन गया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से लगातार चुनाव हारने के बाद कांग्रेस किसी भी तरह सत्ता में वापसी चाहती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से खरगे की टिप्पणी के विरोध में जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस का पुतला जलाने का आह्वान किया।
इसके साथ ही, राव ने तेलंगाना में जारी जल संकट का मुद्दा उठाते हुए दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कम बारिश के कारण राज्य के 600 से अधिक मंडलों में से 300 से ज्यादा में सूखे जैसे हालात हैं और हैदराबाद में प्रतिदिन 8,000 पानी के टैंकर बुक हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पानी के संकट पर ध्यान देने की सलाह दी।
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की वकालत करने पर राव ने कहा, आप किसी फेल हो चुके प्रोडक्ट की मार्केटिंग नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी ने नेतृत्व संभाला है, बीजेपी का ग्राफ लगातार ऊपर ही गया है।
