#IndependenceDay: सोशल मीडिया इस अंदाज में मना रहा है आजादी का जश्न
सोशल मीडिया के जरिए लोग स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाव, विचार और अभिव्यक्ति व्यक्त कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बुधवार को देशभर में 72वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। लोगों में अभी से देशभक्ति का उत्साह साफ-साफ देखा जा सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मस ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम आदि पर #IndependenceDay2018 ट्रेंड कर रहा है। सोशल मीडिया के जरिए लोग स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाव, विचार और अभिव्यक्ति व्यक्त कर रहे हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि सोशल मीडिया पर किस तरह के पोस्ट वायरल हो रहे हैं और आज के युवा इस बारे में क्या सोचते हैं।
अक्सर ये देखा जाता है कि स्वतंत्रता दिवस पर तो तिरंगे को बहुत सम्मान दिया जाता है, लेकिन अगले ही दिन हमारा प्यारा झंडा सड़कों पर पड़ा मिलता है। सोशल मीडिया यूजर्स अपनी पोस्ट के जरिए अपने झंडे का सम्मान करने का संदेश दे रहे हैं। उनका कहना है कि अगर अगले दिन झंडे को संभाल कर न रख पाएं तो, उसे न खरीदें।
15 अगस्त को पूरा दिन आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों की पेंचबाजी चलती रहती है। बड़ा यो बच्चा, हर कोई पतंग उड़ाने का शौकिन होता है। लेकिन ये पतंगें आसमान में उड़ रहे पक्षियों के लिए मौत बन जाती है और पक्षियों के लिए ही क्यों खतरनाक मांझे इंसानों के लिए भी जान का खतरा होते हैं। ऐसे में कई यूजर्स इस खतरनाक खेल से दूरी बनाए रखने का संदेश देते नजर आए।
कुछ लोग स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने पसंदीदा फ्रीडम हीरो को भी याद करते नजर आएं। लेखिका साध्वी खोसला ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा- हम सभी का एक पसंदीदा राष्ट्रीय नायक होता है। मेरे महात्मा गांधी हैं ... नायक, आध्यात्मिक गुरु ...महान आत्मा..भारत के 72वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर, मेरे हीरो को मेरा सलाम।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अपने पोस्ट के जरिए भाईचारे और प्यार का संदेश भी दिया। एक यूजर ट्विटर पर एक वीडियो के जरिए समझाया की भारत की परिभाषा क्या है। इस वीडियो में अंग्रेजी में हिंदू, मुस्लिम, सिख और इसाई लिखा है। बाद में सब में से एक-एक शब्द छांटने पर 'इंडिया' शब्द बनता है। इस वीडियो से संदेश मिलता है कि सभी धर्मों से मिलकर हमारा महान भारत बना है। यहां सभी के पास समान अधिकार हैं।
सोशल मीडिया पर कई कंपनियां और वेबसाइट क्विज प्रतियोगिता कर रही हैं, जिसमें यूजर्स से स्वतंत्रता दिवस के संबंध में विभिन्न तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं और जीतने वाले को ईनाम भी दिया जा रहा है।