आंध्र प्रदेश के सीएम बोले, पाप बढ़ने से मंदिर-मस्जिद में बढ़ रही है भीड़
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि लोग पापों और समस्याओं से छुटकारा चाहते हैं। इसलिए ज्यादा संख्या में मंदिरों से आकर पूजा-प्रार्थना करते हैं।
विजयवाड़ा, प्रेट्र। आंध्र प्रदेश के मंदिरों की आय साल भर में 27 फीसद बढ़ी है। ऐसा पाप बढ़ने और समस्याओं में इजाफा होने के चलते हुआ है। यह बात मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कही है।
उन्होंने कहा कि लोग पापों और समस्याओं से छुटकारा चाहते हैं। इसलिए ज्यादा संख्या में मंदिरों से आकर पूजा-प्रार्थना करते हैं। इसीलिए वे भगवान के समक्ष धन और आभूषण चढ़ाते हैं। यह वास्तविकता है। नायडू बुधवार को दो दिवसीय जिला कलेक्टरों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
नायडू ने कहा कि केवल मंदिरों में ही नहीं गिरजाघरों व मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोग जा रहे हैं। अगर मंदिर, मस्जिद व गिरजाघर न हों तो बहुत सारे लोग अपनी समस्याओं के तनाव से पागल हो जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक भावना बढ़ने की वजह से ही राज्य में शराब की बिक्री कम हुई है।
इससे राज्य के राजस्व में कमी आई है। बहुत सारे लोग सबरीमाला के अय्यपा स्वामी मंदिर में दीक्षा लेकर 40 दिन के लिए शराब छोड़ देते हैं। उन दिनों शराब की बिक्री आसपास के इलाकों में गिर जाती है।