दूसरी लहर में 88 दिन बाद मिले सबसे कम 53 हजार नए केस, साप्ताहिक संक्रमण दर चार फीसद से नीचे
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 53256 नए केस मिले हैं और 1422 और मरीजों की जान गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इस साल सबसे कम 89 केस सामने आए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में 88 दिन बाद पहली बार देश में सबसे कम नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 65 दिन बाद रोजाना होने वाली मौतों की संख्या भी सबसे कम दर्ज की गई है। सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट जारी है और अभी यह सात लाख के करीब आ गए हैं। आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के अयोध्या, अमरोहा और बलिया एवं बदायूं समेत 38 जिलों में सक्रिय मामलों की संख्या 50 से नीचे आ गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 53,256 नए केस मिले हैं और 1,422 और मरीजों की जान गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इस साल सबसे कम 89 केस सामने आए हैं। पिछले 39 दिनों से नए मामलों से ज्यादा मरीजों के ठीक होने का सिलसिला बना हुआ है। अब तक पौने तीन करोड़ से अधिक मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। दैनिक और साप्ताहिक संक्रमण दर दोनों ही चार फीसद से नीचे बनी हुई है।
सोमवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़े
नए मामले 53,256
कुल मामले 2,99,35,221
मौतें 1,422
कुल मौतें 3,88,135
सक्रिय मामले 7,02,887
ठीक हुए 78,190
कुल ठीक हुए 2,88,44,199
दैनिक संक्रमण दर 3.83 फीसद
साप्ताहिक संक्रमण दर 3.32 फीसद
ठीक होने की दर 96.36 फीसद
मृत्यु दर 1.30 फीसद
जांचें (शनिवार) 13,88,699
कुल जांचें 39,24,07,782