Move to Jagran APP

Weather News Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरे का असर ट्रेनों और उड़ानों पर

Weather News Update पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी की चपेट में है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sun, 22 Dec 2019 10:01 PM (IST)Updated: Mon, 23 Dec 2019 07:14 PM (IST)
Weather News Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरे का असर ट्रेनों और उड़ानों पर
Weather News Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरे का असर ट्रेनों और उड़ानों पर

नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। कश्मीर में भारी हिमपात के साथ कड़ाके की सर्दी का 40 दिन का दौर चिल्ले कलां दो दिन पहले शुरू हो चुका है। कश्मीर घाटी के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 रहा। द्रास सबसे ठंडा चल रहा है। द्रास का न्यूनतम तापमान माइनस 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

loksabha election banner

उत्तर भारत के कई हिस्सों में दृश्यता काफी कम

जम्मू न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में जबरदस्त ठंड का दौर जारी है। न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस के साथ पंजाब का लुधियाना सबसे सर्द रहा। फजिल्का में ठंड से एक की मौत हो गई है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में दृश्यता काफी कम रही। इसका असर ट्रेनों के संचालन और हवाई उड़ानों पर भी पड़ा। दृश्यता कम होने की वजह से सड़कों पर भी यातायात बाधित रहा। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने से 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित (देरी से उड़ी और उतरीं) हुईं, हालांकि कोई उड़ान रद या डायवर्ट नहीं हुई।

सड़कों पर आवाजाही बहाल की गई

उत्तराखंड : उत्तराखंड में मौसम साफ है। इस बीच चीन सीमा तक सड़कों पर आवाजाही बहाल कर दी गई है। उत्तरकाशी जिले में सीमावर्ती क्षेत्र नेलांग और चमोली में मलारी तक सड़क से बर्फ हटा दी गई है। तापमान में सुधार के साथ शीतलहर का प्रकोप भी कम हुआ है। उत्तरकाशी जिले में भारत-चीन सीमा पर स्थित नेलांग तक सड़क से बर्फ साफ कर दी गई है। गंगोत्री से 40 किलोमीटर दूर नेलांग में आइटीबीपी की चौकियां हैं।

पंजाब में तापमान में  नौ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट 

पंजाब : पंजाब में धुंध के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। फाजिल्का में रविवार को ठंड के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली निवासी लेखराज सिविल अस्पताल के बाहर मृत हालत में मिला। रविवार को राज्य में लुधियाना सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के तापमान में सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

सिरसा सबसे ठंडा शहर

हरियाणा : सिरसा हरियाणा का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल, कुरुक्षेत्र और हिसार सहित कई शहर का दिन का तापमान शिमला, जम्मू और कुल्लू से भी कम रहा। शिमला व जम्मू का अधिकतम तापमान क्रमश: 13.8 और 14.1 रहा।

दलहनी व तिलहनी फसलों पर पाले का असर

उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में कोहरा और पाला कहर बरपाने लगा है। पाला से दलहनी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। वहीं ठंड की चपेट में आने से कौशांबी जिले में चार लोगों मौत होने की खबर है। लखनऊ में सुबह में कोहरा छाया रहा। तराई इलाकों में पाला भी पड़ने से दलहनी व तिलहनी फसलों पर असर दिखने लगा है। आगरा में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री रहा।

कोलकाता का तापमान सामान्‍य से चार डिग्री कम

बंगाल : कोलकाता में तापमान का पारा गिरने का सिलसिला जारी रहा है। रविवार को मौसम विभाग के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और प. मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया आदि जिले में तापमान 10 के आसपास है।

पेयजल की पाइपों में पानी जमा

हिमाचल : हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, वहीं मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री तक पारा गिरा है। केलंग व कल्पा सहित मनाली और कुफरी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। इसके कारण पेयजल की पाइपों में पानी तक जम गया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.