शरीर में 1 किलो सोना छिपाकर ला रहा था शख्स, तस्करी के आरोप में गिरफ्तार
मणिपुर की राजधानी इंफाल के हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति को 1 किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के बिस्कुट की तस्करी के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
इंफाल (प्रेट्र)। इंफाल हवाई अड्डे पर सीआइएसएफ के जवानों ने बुधवार को 1 किलोग्राम से अधिक वजन के सोने की तस्करी करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि गिरफ्तार यात्री चेन्नई का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, वह लगभग 41.23 लाख रुपये की कीमत के सोने के बिस्कुट की तस्करी का प्रयास कर रहा था।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मचारी उस समय हैरान रह गए जब उन्हें पता चला कि उस व्यक्ति ने सोने के बिस्कुट को अपने यौननांगों में छुपा रखा था। जब सुरक्षा कर्मचारियों ने हवाई अड्डे पर मेटल डिटेक्टर से उस व्यक्ति के शरीर की जांच की तो उन्हें उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे विस्तृत जांच के लिए ले जाया गया।
जांच के दौरान पूछताछ में यात्री ने बताया कि वह कुल 1.3 किलोग्राम के आठ सोने के बिस्कुट को अपने साथ ले जा रहा था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के प्रवक्ता ने दिल्ली में कहा, जब्त किए गए सोने के बिस्कुट को हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सोने का मूल्य 41.23 लाख रुपये होने का अनुमान है।