विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT गोवा भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल, दो आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:01 PM (IST)

आईआईटी गोवा भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते हुए दो संदिग्धों को डैबोलिम एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने पकड़ा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. आईआईटी गोवा भर्ती परीक्षा में नकल का मामला सामने आया।

  2. डैबोलिम एयरपोर्ट पर दो संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़े गए।

  3. एक आरोपी दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।

डिजिटल डेस्क, पणजी। IIT गोवा में कर्मचारियों की भर्ती से जुड़ी परीक्षा में ब्लूटूथ उपकरणों के जरिये नकल करने का मामला सामने आया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सतर्क जवानों ने डैबोलिम एयरपोर्ट पर दो संदिग्धों को धर दबोचा। उनके पास से ब्लूटूथ ईयरपीस, सिम कार्ड और परीक्षा के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बरामद हुए हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने परीक्षा में नकल करने के लिए इन इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के इस्तेमाल की बात कबूल कर ली है। स्थानीय पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घटना शनिवार दोपहर की है जब एक संदिग्ध एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से दिल्ली जाने के लिए डैबोलिम एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच से गुजर रहा था।

सीआईएसएफ के जवान ने हैंड बैगेज में संदिग्ध वस्तुएं देखकर भौतिक जांच की, जिसमें तीन इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दो सिम कार्ड और तीन ब्लूटूथ ईयरपीस बरामद हुए जिनका इस्तेमाल प्रतियोगी परीक्षाओं में धोखाधड़ी के लिए किया जाता है।

आरोपित ने खुलासा किया कि उसका एक साथी भी इसी फ्लाइट में सवार है। इसके बाद एयरलाइन स्टाफ की मदद से दूसरे यात्री को विमान से नीचे उतारा गया।

दूसरे संदिग्ध के पास से भी ब्लूटूथ ईयरपीस, सिम कार्ड और IIT गोवा के प्रशासनिक सहायक पद की 10 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा का एडमिट कार्ड बरामद हुआ। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपित किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा में बैठा था।

सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ के बाद दोनों को डैबोलिम एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। परीक्षा केंद्र पोंडा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला वहां स्थानांतरित कर दिया गया है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)