बेंगलुरु पब में छापेमारी के दौरान आईएएस अधिकारी ने इंस्पेक्टर को थप्पड़ा, FIR दर्ज
बेंगलुरु में एक पब छापेमारी के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर को थप्पड़ मारने और गाली देने के आरोप में आंध्र प्रदेश ...और पढ़ें
-1791910243281_m.webp)
बेंगलुरु पब में छापेमारी के दौरान आईएएस अधिकारी ने इंस्पेक्टर को थप्पड़।
HighLights
आंध्र प्रदेश के आईएएस अधिकारी विकास मरमथ पर एफआईआर।
बेंगलुरु पब छापेमारी में इंस्पेक्टर को थप्पड़ मारने का आरोप।
अधिकारी ने अपनी पहचान बताकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु पुलिस ने आंध्र प्रदेश कैडर के एक आईएएस अधिकारी और उनके तीन दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि शहर के पब में छापेमारी के दौरान जब पुलिस इंस्पेक्टर ने अधिकारी से पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो उन्होंने थप्पड़ मारे और अपशब्द कहे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपित ने कहा कि वह आईएएस अधिकारी है और पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद आरोपित अधिकारी और उनके दोस्तों को छोड़ दिया गया।
सोशल मीडिया पर मंगलवार को प्रसारित हो रहे वीडियो में आईएएस अधिकारी और उनके दोस्त पुलिस अधिकारियों को गालियां देते दिख रहे हैं। यह घटना कावूर पब में रात करीब 1:30 बजे हुई थी।
हालांकि एफआईआर में स्पष्ट रूप से थप्पड़ मारने का जिक्र नहीं है, लेकिन कहा गया है कि आरोपित अधिकारी ने इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की और धमकी दी। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि आरोपित ने उन्हें थप्पड़ मारा था।
आईएएस अधिकारी की पहचान विकास मरमथ के रूप में हुई है। वह आंध्र प्रदेश में कुप्पम क्षेत्र विकास प्राधिकरण के विशेष अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। उनके तीन दोस्तों की पहचान अभय उदय सिंह, नितेश और रोशन के रूप में हुई है। उनके खिलाफ 10 अक्टूबर को बेंगलुरु में सीसीबी की विशेष जांच शाखा से जुड़े पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके ने शिकायत दर्ज कराई थी।
एफआईआर के अनुसार, बेंगलुरु पुलिस और सेंट्रल क्राइम ब्रांच पब और अन्य जगहों पर छापेमारी कर रही थी।
पिछले शुक्रवार को रात 1:30 बजे पुलिस अधिकारी पब में दाखिल हुए और ग्राहकों की उम्र कन्फर्म करने और संदिग्ध लोगों की जांच के लिए पहचान-पत्र देखने लगे। पुलिस ने जब मरमथ से पहचान-पत्र दिखाने को कहा, तो वे और उनके दोस्त भड़क गए और बहस करने लगे।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
