अनधिकृत छुट्टी पर रहे यूपी कैडर के आईएएस अफसर की छुट्टी
विदेश में एसाइनमेंट (कार्य) के लिए गए एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का इस्तीफा मान लिया गया है। एसाइनमेंट पूरा होने के बावजूद उनके काम पर नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।
नई दिल्ली। विदेश में एसाइनमेंट (कार्य) के लिए गए एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का इस्तीफा मान लिया गया है। एसाइनमेंट पूरा होने के बावजूद उनके काम पर नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने अपने आदेश में कहा है कि उत्तर प्रदेश कैडर के 1980 बैच के आइएएस अधिकारी शिशिर प्रियदर्शी नौ साल से अनधिकृत छुट्टी पर हैं। ऐसे में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस ) से उनका इस्तीफा मान लिया गया है। इसे एक जून 2006 से प्रभावी माना जाएगा।
57 वर्षीय प्रियदर्शी ने 1997 से 2000 और 2002 से 2007 तक कुल आठ वर्षों तक जेनेवा में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में काम किया। 2001-02 में वह संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम से जुड़े थे। वर्तमान में आधिकारिक रिकॉर्ड में उन्हें एक सितंबर 2008 से पोस्टिंग के इंतजार में बताया गया। आदेश में कहा गया है कि केंद्र सरकार की मान्य अवधि से अधिक समय तक विदेश में कार्य करने पर यह कार्रवाई की गई।
इस साल अप्रैल में एक अन्य आइएएस अधिकारी प्रशांत का इस्तीफा मान लिया गया था। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत उन्हें 18 अगस्त 2009 को वरिष्ठ आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ बना कर वाशिंगटन भेजा गया था। लेकिन 2010 में कार्यकाल पूरा होने पर भी वह काम पर नहीं लौटे। डीओपीटी के मुताबिक, अन्य 10 आईएएस अधिकारी अनधिकृत छुट्टी पर हैं। इनके खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।