कृषि वैज्ञानिक चयन बोर्ड पर आईएएस के काबिज होने पर संदेह
कृषि वैज्ञानिक चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक वर्ग के अधिकारियों की तैनाती की संभावना बहुत कम हो गई है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। कृषि वैज्ञानिक चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक वर्ग के अधिकारियों की तैनाती की संभावना बहुत कम हो गई है। जबकि बोर्ड में अध्यक्ष और दो सदस्यों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों की जगह सीनियर वैज्ञानिक की नियुक्ति की उम्मीद बढ़ गई है।
चयन बोर्ड (एएसआरबी) में सामान्य तौर पर अध्यक्ष और सदस्यों के पदों को कृषि वैज्ञानिकों को नियुक्त किया जाता रहा है। लेकिन नियमों में संशोधन करके अध्यक्ष के पद पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (आईएएस) की भी तैनाती का रास्ता खोल दिया गया।
इसे लेकर कृषि वैज्ञानिकों में भारी रोष फैल गया था, जिसका उन्होंने जमकर विरोध भी किया। संशोधन में दो सदस्यों की संख्या बढ़ाकर तीन सदस्य कर दिया गया है। अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार की तलाश जनवरी के दूसरे सप्ताह में पूरी हो जाने की संभावना है।
बोर्ड चेयरमैन पद के लिए दो वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अफसर भी नियुक्ति की दौड़ में हैं। सूत्र के मुताबिक कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी ने उनके नामों को बहुत तरजीह नहीं दी है। इस दौड़ में दो बड़े कृषि वैज्ञानिकों के नाम आगे हैं, जिन्हें कृषि क्षेत्र की विस्तृत जानकारी है, वहीं उनका प्रशासनिक अनुभव ज्यादा है।
उन्हें इसका लाभ मिल सकता है। रिक्त दोनों सदस्यों के पदों को भरने के लिए साक्षात्कार पूरा हो चुका है। चयनित उम्मीदवारों के लिए पैनल को मंजूरी देकर नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति के पास अनुमोदन के लिए भेज दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक बोर्ड के दोनों सदस्यों के पैनल में जिन नामों को शामिल किय गया है, उनमें क्राप साइंस के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के सहायक महानिदेशक डॉक्टर पीके चक्रवर्ती और कानपुर स्थित दलहन अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉक्टर एनपी सिंह प्रमुख है। इसी तरह दूसरे सदस्य के पद लिए भोपाल स्थित एग्री मशीनरी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डाक्टर केके सिंह और आईसीएआर के उप महानिदेशक डाक्टर एनएस राठौर का नाम भेजा गया है।