इंजन खराब होने से एयर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैडिंग
विमान दिल्ली से थोड़ी दूरी पर था। तभी पायलट को विमान के दाहिने इंजन में खराबी का पता चला। उन्होंने करीब 11:50 बजे इसकी जानकारी एटीसी को दे इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। आइजीआइ एयरपोर्ट पर इंजन खराब होने से हैदराबाद से आ रहे एयर इंडिया के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। रविवार की दोपहर विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतार लिया गया।
एयर इंडिया के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी इंजन में खराबी का कारण जानने में जुटे हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआइ-543 ने हैदरबाद से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इसे 12 बजे आइजीआइ एयरपोर्ट पर उतरना था।
दरअसल, विमान दिल्ली से थोड़ी दूरी पर था। तभी पायलट को विमान के दाहिने इंजन में खराबी का पता चला। उन्होंने करीब 11:50 बजे इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दे इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। एटीसी अधिकारियों ने इसकी अनुमति दे दी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में और बढ़ा प्रदूषण, सैकड़ों उड़ानें हुईं प्रभावित