मसालों में मिला रहे थे कपड़ों का रंग और टेलकम पाउडर, हैदराबाद में मिलावट के खेल का पर्दाफाश
हैदराबाद में खाद्य सुरक्षा और पुलिस टीम ने 25 टन से अधिक मिलावटी मसाले जब्त किए हैं, जिनमें खतरनाक रसायन ...और पढ़ें
HighLights
हैदराबाद में 25 टन से अधिक मिलावटी मसाले जब्त।
खतरनाक रसायनों और पदार्थों का उपयोग किया गया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार, गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद में खाद्य सुरक्षा और पुलिस टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 टन से अधिक खतरनाक और रासायनिक पदार्थों से युक्त मसालों को जब्त किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जनता से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर हैदराबाद फूड एडल्ट्रेशन सर्विलांस टीम ने मसालों के प्रसंस्करण, खरीद और थोक तथा खुदरा व्यापार में लगे 13 व्यावसायिक ठिकानों पर छापेमारी की। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने बताया कि इस व्यापक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 (FSSA) के गंभीर उल्लंघन सामने आए।
जांच में पाया गया कि ये कारोबारी गलत लेबलिंग और उपभोक्ताओं को धोखा देने वाली खतरनाक प्रोसेसिंग तकनीकों का खुलेआम इस्तेमाल कर रहे थे। इन्ही छापों के दौरान 25 टन ऐसे मसाले बरामद हुए जिनमें घातक रसायन और खतरनाक पदार्थ मिले हुए थे।
गैर-इरादतन हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज
पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने जानकारी दी कि इस गंभीर मामले में अब तक तीन आपराधिक केस दर्ज किए गए हैं और इसके लिए जिम्मेदार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन व्यापार मालिकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या करने के प्रयास की गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने और उपभोक्ताओं तक केवल सुरक्षित भोजन पहुंचाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
H-FAST का मिलावटखोरों पर शिकंजा
इसी साल मार्च में अपनी स्थापना के बाद से H-FAST ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा कसा है। यह टीम अब तक 659 जगहों पर छापामारी कर चुकी है, जिसमें 202 एफआईआर दर्ज की गई हैं और लगभग 246 टन मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं।
इन कार्रवाइयों में होटलों में सप्लाई के लिए गंदगी के बीच रखा 12 टन सड़ा हुआ मांस और 60 टन बदबूदार चिकन वेस्ट भी बरामद किया गया था। इसके अतिरिक्त, जहरीले रसायनों से फल पकाने वाले 16 केंद्रों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25.8 टन फल, 9.2 टन मिलावटी अचार और 3.8 टन नकली चाय पत्ती भी जब्त की है।
