हैदराबाद: ट्रेनी IPS ने की आत्महत्या की कोशिश, महिला अधिकारी ने लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप
हैदराबाद में ट्रेनी आईपीएस अधिकारी एम. उदय कृष्ण रेड्डी ने यौन उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया।

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। ट्रेनी आइपीएस अधिकारी एम. उदय कृष्ण रेड्डी ने यौन उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सोमवार को आत्महत्या की कोशिश की।
उन पर आरोप है कि उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद में ट्रेनिंग के दौरान महिला ट्रेनी आइपीएस अधिकारी का यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने बताया कि ट्रेनी आइपीएस अधिकारी उदय ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
आईएएनएस के अनुसार आत्महत्या की कोशिश से पहले, उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया कि उनके खिलाफ शिकायतें बेबुनियाद और झूठी हैं। कहा कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और उन्हें यकीन है कि न्याय होगा।
महिला अधिकारी ने लगाया ट्रेनी आईपीएस पर आरोप
30 वर्षीय महिला ट्रेनी आइपीएस अधिकारी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान उनके साथी ट्रेनी आइपीएस अधिकारी उदय ने लगभग तीन सप्ताह तक बार-बार उनका यौन उत्पीड़न किया, मारपीट की और ब्लैकमेल किया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपित ने 23 जून से मैसेजिंग एप के जरिये उन्हें आपत्तिजनक मैसेज भेजकर परेशान किया और सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी में उनके दोस्तों के सामने उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं। किसी दूसरे ट्रेनी के साथ यौन संबंध होने का झूठा आरोप लगाया और अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपित ने नौ जुलाई को उन्हें गलत तरीके से रोका, जबरन अपने कमरे में ले गया, बाल पकड़े, गला घोंटने की कोशिश की, गर्दन पर चाकू रखा और कमरे से बाहर नहीं जाने दिया। अगले दिन उन्होंने फिर से उनके साथ मारपीट की।
आरोप है कि आरोपित ने ब्लैकमेलिंग के इरादे से महिला ट्रेनी अधिकारी का प्राइवेट वीडियो भी रिकार्ड किया और उनके पति को भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर, 18 जुलाई को अट्टापुर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आइटी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद ट्रेनी आइपीएस अधिकारी ने अकादमी छोड़ दी थी। वह पहले आंध्र प्रदेश में कांस्टेबल के तौर पर काम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- प्राइवेट रूम, वीडियो और कंडोम... हैदराबाद में ट्रेनी IPS पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
