विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैदराबाद: 'नाश्ते के बाद करेगी चेक-आउट' कहकर फरार हुआ प्रेमी, होटल में पड़ी मिली बैंककर्मी की लाश

Published: Wed, 30 Sep 2026 10:28 AM (GMT+05:30)

हैदराबाद के एक होटल में 34 वर्षीय बैंककर्मी महिला बी. सिरिशा का शव मिला है। पुलिस ने हत्या का मामला ...और पढ़ें

HighLights

  1. हैदराबाद के होटल में बैंककर्मी महिला का शव मिला।

  2. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

  3. मुख्य आरोपी ए. श्रीनिवास की तलाश में टीमें गठित।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक होटल के कमरे में 34 वर्षीय बैंककर्मी महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मृतिका के साथ ठहरे मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

जुबली हिल्स के डीसीपी ए. रमना रेड्डी ने बताया कि मृत महिला की पहचान बी सिरिशा के रूप में हुई है, जो विकाराबाद जिले के नगासमुद्रम की रहने वाली थीं और बैंक में कस्टमर-केयर एक्जीक्यूटिव के रूप में काम करती थीं। सिरिशा ने 24 सितंबर को ए. श्रीनिवास नामक व्यक्ति के साथ एसआर नगर स्थित गोकुल प्राइड होटल में चेक-इन किया था।

फर्जी नामों से ली थी होटल में एंट्री

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों ने होटल में कमरा लेते समय फर्जी नाम और पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। होटल रिकॉर्ड के मुताबिक, श्रीनिवास ने अपना नाम 'गणेश' और सिरिशा का नाम 'दुर्गा' दर्ज कराया था। दोनों होटल के कमरा नंबर 10 में ठहरे हुए थे।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे श्रीनिवास ने रिसेप्शन पर यह कहकर होटल छोड़ा कि सिरिशा सुबह नाश्ता करेंगी और उसके बाद चेक-आउट करेंगी।

ऐसे में जब काफी देर तक कमरे से कोई जवाब नहीं आया और बार-बार फोन करने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। इसके बाद स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में जब मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, तो बेड पर सिरिशा का शव मिला।

पुलिस हत्या का दर्ज किया मामला

दूसरी ओर, डीसीपी रमना रेड्डी ने बताया कि हमें शक है कि रात में सिरिशा और श्रीनिवास के बीच किसी बात पर तीखी बहस हुई होगी, जिसके बाद उसने किसी भारी या नुकीली चीज से सिरिशा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी बात के मद्देनजर, फिलहाल एसआर नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की गहन छानबीन जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को मृतिका के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के लिए पर्दे की रॉड का इस्तेमाल किया गया हो, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा अंतिम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

जांच में जुटी पुलिस

गौरतलब है कि पुलिस की 'क्लूज टीम' ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य फोरेंसिक सबूत जुटाए हैं। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी के आने-जाने के समय और पूरी घटनाक्रम को समझा जा सके। आरोपी श्रीनिवास को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस दस्तावेजों में नाम (दुर्गा) और अस्पताल के रिकॉर्ड (सिरिशा) में सामने आई भिन्नता की भी जांच कर रही है। इसके अलावा, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या मृतिका का अपने पति द्वारा पहले कथित तौर पर किए गए हमले और इस घटना से कोई पुराना कनेक्शन है या नहीं।